बागेश्वर, उत्तराखंड की बागेश्वर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से शुरु हुये मतदान में सायं 5 बजे तक 55 प्रतिशत से ज्यादा वोट डाले गये | मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. वहीं बीते दिन से लगातार बारिश हो रही है, इसके बावजूद भारी संख्या में लोग मतदान केन्द्रों में पहुंच अपने मतदान अधिकार का इस्तेमाल कर रहे थू. फिलहाल उपचुनाव के लिए चुनावी रण में उतरे पांचों उम्मीदवारों का भाग्य आज ईवीएम में बंद हो गया.
बता दें कि निर्वाचन आयोग ने जिले के आरक्षित बागेश्वर सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए आज पांच सितंबर की तिथि निर्धारित की गई थी. निर्वाचन विभाग ने विधानसभा बागेश्वर के लिए सभी 188 पोलिंग बूथों के लिए सोमवार को सभी टीमों को रवाना कर दिया था. वहीं मतदान के दौरान सभी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है, जिले के सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है, बागेश्वर उपचुनाव में 1.18 लाख मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे | कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने भी बागेश्वर नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए एसबीआई के पास बने नगर क्षेत्र के बूथों का निरीक्षण करते हुए निष्पक्ष मतदान की अपील की है. वहीं जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दयागढ़ बूथ का निरीक्षण किया. बालीघाट बॉर्डर का निरीक्षण करते हुए सभी गाड़ियों की विशेष चेकिंग के निर्देश दिए थे, वहीं आज होने वाले मतदान के समय 7 बजे से शाम 5 बजे तक बॉर्डर को पूरी तरह सील करने के निर्देश दिए हैं, पहले सुबह की पारी में मतदान धीरे धीरे बढ़ता गया और 11 बजे तक 22.94 प्रतिशत रहा | जबकि सायं तीन बजे तक 45.37 प्रतिशत मतदान हुआ,
गौरतलब है कि जिले में मतदान के लिए 188 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इसके साथ ही 15 पोलिंग स्टेशन संवेदनशील हैं, विधानसभा क्षेत्र को तीन जोन और 28 सेक्टर में बांटा गया है और 15 माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई है, चुनाव के लिए 168 वाहनों का इस्तेमाल किया गया है. वहीं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने को लेकर 834 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है. साथ ही सुरक्षा के दृष्टि से 1,444 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. चुनाव के मद्देनजर 6 फ्लाइंग स्क्वायड टीम और 10 स्टेटिक सर्विलेंस टीम लगाई गई है. मतदान के दौरान महिलाओं की सुविधा के लिए एक सखी बूथ भी बनाया गया है और पांच आदर्श बूथ भी बनाए गए थे |



