नन्दा देवी महोत्सव में परिजनों से बिछड़ा 4 वर्षीय बच्चा सकुशल बरामद

0
5

नैनीताल(गोविन्द पाटनी)। माँ नन्दा देवी महोत्सव के दौरान भीड़ में परिजनों से बिछड़े चार वर्षीय बच्चे को नैनीताल पुलिस और मेला कंट्रोल रूम की तत्परता से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार मल्लीताल निवासी नीमा देवी अपने परिवार के साथ नन्दा देवी महोत्सव मेले में पहुंची थीं। इसी दौरान उनका चार वर्षीय पुत्र मनन भीड़ के बीच अचानक परिजनों से बिछड़ गया। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने मेला कंट्रोल रूम को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मेला कंट्रोल रूम से लगातार एनाउंसमेंट कराया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश की गई। संयुक्त प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मेला कंट्रोल रूम द्वारा इसी दौरान 02 मोबाइल, 01 एटीएम कार्ड, 500 रुपये नकद और 20 गुम व्यक्तियों को भी उनके परिजनों अथवा स्वामियों के सुपुर्द किया गया।

कार्रवाई में एसआई मदन मोहन जोशी, महिला कांस्टेबल नीतू चंदोला और कांस्टेबल दीपक उप्रेती शामिल रहे।

नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले मेलों और आयोजनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिसकर्मी या मेला कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here