दून में 26 दिवसीय माइक्रो स्किलप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ

0
165

देहरादून, भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआईआई) ने एक्सेंचर कंपनी के वित्तीय सहयोग से आज देहरादून में 26 दिवसीय माइक्रो स्किलप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम (एमएसडीपी) की शुरुआत की।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।कार्यक्रम के दूसरे दिन यूएसआरएलएम के राज्य परियोजना अधिकारी (आजीविका) मोहन पाण्डेय और शैलेश रावत ने प्रशिक्षण में भाग ले रही 55 महिलाओं को उद्यमिता विकास के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
इस दौरान मोहन पाण्डेय ने महिलाओं को सफल महिला उद्यमियों की प्रेरणादायक कहानियाँ सुनाईं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने टीम वर्क और टीम बिल्डिंग के प्रभावी तरीके भी साझा किए, ताकि महिलाएं समूह में बेहतर ढंग से कार्य कर सकें।
इस अवसर पर ईडीआईआई के परियोजना कोऑर्डिनेटर ने बताया कि हमारा उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और उन्हें आवश्यक व्यावसायिक कौशल प्रदान करना है, उन्होंने आगे जानकारी दी कि इस 26 दिवसीय प्रशिक्षण में 10 दिन उद्यमिता विकास कार्यक्रम और 16 दिन बुनाई कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के उपरांत महिलाओं को अपना लघु उद्यम स्थापित करने में सहायता एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। एक्सेंचर कंपनी के सहयोग से चल रहा यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण और राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।