राज्य खेल परिषद अध्यक्ष बुटोला बोले— केवि की भूमि, वेतन और IIP द्वितीय पाली का मुद्दा CM के समक्ष उठाएंगे।
देहरादून: केंद्रीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 15 शिक्षकों को देवभूमि शिक्षक रत्न सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। अखिल भारतीय केंद्रीय विद्यालय शिक्षक संघ (एआइकेवीटीए) के 25वें द्विवार्षिक अधिवेशन में शिक्षकों के योगदान को सराहने के साथ उत्तराखंड में केंद्रीय विद्यालयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संगठन की नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया देर रात तक जारी रही। चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे।
रविवार को केंद्रीय विद्यालय हाथीबड़कला के सभागार में आयोजित अधिवेशन का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला ने किया। उन्होंने कहा कि समर्पण भाव से काम करने वाले शिक्षकों के कारण ही केंद्रीय विद्यालय संगठन की गिनती देश के सर्वोच्च शिक्षण संस्थानों में होती है। शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके लिए सभी शिक्षक बधाई के पात्र हैं। बुटोला ने कहा कि उत्तराखंड में आइआइपी की द्वितीय पाली के संचालन और कुछ केंद्रीय विद्यालयों की भूमि और वेतन से जुड़े मामलों को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा। इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर चुनाव अधिकारी एएस कपूर, केंद्रीय पर्यवेक्षक रुपेश कुमार, मुकेश चंद, डीएम लखेड़ा, नबील अहमद, राजेंद्र भंडारी, डीपी थपलियाल, वीरेंद्र भंडारी, नवनीत, अनूप भारतीय, पूजा, प्रमोद कुमार, धीरेंद्र और उदय कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
इन शिक्षकों को किया सम्मानित अधिवेशन में निधि चंद, पीयूष निगम, डा. ललित कुमार, डा. आरपी त्रिपाठी, अंजू रावत, नवीन वडेरा, स्वीटी बिष्ट, मंजीत सिंह, रामचंद्र, किशोर कुमार काला, घनश्याम दास गुप्ता, कुलदीप सिंह, रुपेश कुमार सिंह, आरके गुप्ता और डॉ. गुमान सिंह को देवभूमि शिक्षक रत्न सम्मान 2026 प्रदान किया गया।





