मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में जीआईसी वाण के 13 विद्यार्थियों हुए सफल

0
158

चमोली (देवाल), मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज वाण के 13 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें कक्षा छह के आठ और कक्षा नौ के पांच विद्यार्थी शामिल हैं। विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। कक्षा छह में हर्षित, मनोज, देवेंद्र, दिगंबर, हेमलता, सृष्टि, प्रियंका और चांदनी तथा कक्षा नौ में दिनेश, हिमांशु, पंकज, मनीष और मीना का छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा सात जुलाई 2026 को प्रदेशभर में आयोजित की गई थी। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता और प्रतिभा का आकलन किया गया। परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों में से 10 प्रतिशत का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाता है। देवाल विकासखंड में कुल 59 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिसमें कक्षा छह के 29 और कक्षा नौ के 30 विद्यार्थी हैं।
प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी चयनित विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर मेहनत करने का आह्वान किया।
इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, खंड शिक्षा अधिकारी योगेंद्र सेमवाल, विकासखंड प्रमुख तेजपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट और ग्राम प्रधान नंदुली बिष्ट ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों व विद्यालय परिवार को बधाई दी।