Thursday, April 18, 2024
HomeStatesUttarakhandमहिला हॉकी खिलाड़ी वंदना का गाजे-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत, ग्राफिक...

महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना का गाजे-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत, ग्राफिक एरा ने किया अभिनंदन, भेंट किया 11लाख का चेक

देहरादून, टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया आज बुधवार को उत्तराखंड पहुंच गईं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट में वंदना का गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत हुआ। यहां से वह हरिद्वार स्थित अपने गांव पहुंचीं। हॉकी की राष्ट्रीय खिलाड़ी वंदना कटारिया ने घर पहुंच कर कहा कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।

हम लोग मेडल के नजदीक थे पर नहीं जीत पाए लेकिन हमने भारत में लोगों का दिल जीता है। इसके बाद ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी पहुंची वंदना का फूलों की बारिश करके जोरदार स्वागत किया गया। ग्राफिक एरा ने ओलंपियन वंदना कटारिया को 11 लाख रुपये का चेक भेंट किया। हरिद्वार में कुछ पल गुजारने के बाद वह अभिनंदन समारोह में शामिल होने ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी पहुंची। विश्वविद्यालय परिसर में ग्राफिक एरा एजुकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डा. कमल घनशाला और वरिष्ठ पदाधिकारी राखी घनशाला ने ओलंपियन वंदना का स्वागत किया।

अभिनंदन समारोह में ओलंपियन वंदना कटारिया ने ग्राफिक एरा की पहल पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शानदार प्लेसमेंट के जरिये ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी देश को खुशियों से रोशन कर रही है। इस साल बीटेक में 54 लाख रुपये से अधिक का पैकेज मिलना ग्राफिक एरा के शिक्षा के उच्च स्तर और उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक ट्रेनिंग देने की अच्छी व्यवस्था का प्रमाण है।

 

समारोह में ग्राफिक एरा एजुकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डा. कमल घनशाला ने कहा कि वंदना कटारिया ने ओलिंपिक में अपने शानदार प्रदर्शन से पूरी दुनिया में उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। वंदना कटारिया ओलिंपिक में गोल की हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला हैं। वंदना कटारिया की हैट्रिक न होती, तो टीम सेमीफाइनल में न पहुंच पाती। ओलिंपिक में भारतीय महिला हाकी का चौथे नंबर पर पहुंचना भी इतिहास रचने वाली उपलब्धि है। अगले ओलिंपिक में तीन साल बाद भारत गोल्ड जरूर जीतेगा। उन्होंने ओलंपियन वंदना कटारिया को ग्राफिक एरा का ब्रांड अंबेसडर बनाने की घोषणा की।

डा. घनशाला ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं शारीरिक और मानसिक रूप से बहुत सक्षम होती हैं। उत्तराखंड के विकास में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान है। यहीं की लड़कियों और लड़कों को अच्छी ट्रेनिंग मिले, तो उत्तराखंड खेलों में ज्यादा पदक पाने वाले राज्य के रूप में पहचान बना सकता है। वंदना कटारिया को किसी ट्रेनिंग के लिए जरूरत होगी, तो ग्राफिक एरा उन्हें सहयोग करेगा। अंतरराष्‍ट्रीय खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले दूसरे खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे पहले समारोह में ओलंपियन वंदना के पिता नाहर सिंह कटारिया को श्रद्धांजलि दी गई। इससे पहले ग्राफिक एरा एजुकेशनल ग्रुप की वरिष्ठ पदाधिकारी राखी घनशाला ने रोशनाबाद में वंदना कटारिया के घर पहुंच कर उनकी मां सोरण देवी और भाई चंद्रशेखर कटारिया का इस गौरवशाली उपलब्धि पर अभिनंदन किया था। इस दौरान राखी घनशाला ने कहा कि वंदना कटारिया ने पूरे देश की महिलाओं और लड़कियों को आगे बढ़ने की राह दिखाई है। विपरीत परिस्थितियों में कठोर परिश्रम और लगन से किसी भी मंजिल तक पहुंचा जा सकता है। वंदना कटारिया से मिली यह प्रेरणा हालात के आगे मायूस हो जाने वाले युवाओं को कामयाबी का रास्ता दिखाएगी। समारोह में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. राकेश कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. संजय जसोला और अन्य पदाधिकारी व शिक्षक मौजूद थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments