देहरादून, उत्तराखंड़ प्रीमियर लीग (यूपीएल) 2025 के पुरुष वर्ग का आगाज शनिवार को जोरदार अंदाज में हुआ। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले ही दिन दर्शकों को जबरदस्त रोमांच मिला।
शुरुआती मैच में देहरादून वॉरियर्स ने गत विजेता क्यूएसएन इंडियंस को 16 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की, वहीं दूसरे मुकाबले में ऋषिकेश फाल्कन्स ने टिहरी टाइटन्स को आठ विकेट से मात देकर टूर्नामेंट में धमाकेदार एंट्री की।
पहला मैच: वॉरियर्स ने इंडियंस को चौंकाया
दिन के पहले मैच में देहरादून वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 162 रन बनाए। जवाब में उतरी इंडियंस की टीम निर्धारित ओवरों में 146 रन ही बना सकी। वॉरियर्स के गेंदबाजों ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। पावरप्ले में इंडियंस के दो विकेट गिर गए और मिडिल ऑर्डर भी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहा।
हालांकि, वंशराज चौहान ने 16 गेंदों में 38 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को उम्मीद दी, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचाने में असफल रहे। सागर रावत को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच : ऋषिकेश का पेस अटैक छाया
दिन के दूसरे मुकाबले में टिहरी टाइटन्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, जो भारी पड़ा। ऋषिकेश की पेस तिकड़ी—निखिल पुंडीर, अग्रिम तिवारी और जगमोहन नागरकोटी—ने शुरुआती चार ओवर में ही टाइटन्स को 11/3 पर ला खड़ा किया।
अनिकेत मलिक (38 रन) ने कुछ देर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन पूरी टीम 112/9 पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऋषिकेश ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। अभ्युदय भटनागर और एलन चेतन ने ताबड़तोड़ रन जोड़े। पूरवंश ध्रुव ने 18 गेंदों में 39 रन ठोककर टीम को पावरप्ले में ही मजबूती दे दी। अक्षिल सिंह रावत और ध्रुव की साझेदारी ने ऋषिकेश को सिर्फ 12.2 ओवर में जीत दिला दी।
जगमोहन नागरकोटी को 13 रन देकर तीन विकेट झटकने पर मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पहले दिन की जीत के साथ देहरादून वॉरियर्स और ऋषिकेश फाल्कन्स अंक तालिका में मजबूती से खड़े हो गए हैं। टूर्नामेंट का रोमांच आने वाले दिनों में और बढ़ने की उम्मीद है।



Recent Comments