Saturday, April 27, 2024
HomeTrending Nowअनियंत्रित बाइक बिजली के पोल से टकराई, दो की मौत

अनियंत्रित बाइक बिजली के पोल से टकराई, दो की मौत

हरिद्वार, जनपद हरिद्वार के रुड़की में शनिवार देर रात अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं, युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सिविल अस्पताल में रिश्तेदारों की भीड़ जुटी रही।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित अशोक नगर (ढंडेरा) निवासी दीपक जोशी (30) पुत्र बसंत जोशी और जितेंद्र दत्त सेमवाल (31) पुत्र चंडी प्रसाद दोस्त हैं। शनिवार शाम दोनों बाइक से किसी काम से रुड़की आए थे। रात करीब दस बजे दोनों घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ढंडेरा रेलवे फाटक के पास पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली पोल से जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए और मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

उन्होंने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया, परिजनों ने बताया कि दीपक की शादी तय हो गई थी। इसी 30 नवंबर को शादी होनी थी, लेकिन हादसे में दीपक की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। परिजनों का रो-रोकर हाल है। उधर, मौत की सूचना मिलते ही दीपक की होने वाली ससुराल में भी कोहराम मच गया। मिली जानकारी मुताबिक जितेंद्र की शादी कुछ साल पहले ही हुई थी। उनका एक बच्चा भी है। जितेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी बेहोश हो गई। परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। ढांढस बंधाने के लिए रिश्तेदारों का घर पर तांता लगा है। दो युवकों की मौत से हर कोई गमजदा है

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments