विकासनगर। चकराता के पूर्व विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्व. गुलाब सिंह की 100वीं जयंती पर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नागरिकों और ग्रामीणों ने शहीद चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर हवन-पूजन और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह समर्पित जनसेवक और कुशल राजनेता थे। विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्र को जनजाति का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई के क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए, जिन्हें आज भी याद किया जाता है। उन्होंने हमेशा गरीब और वंचित वर्ग की आवाज उठाई। वक्ताओं ने कहा कि गुलाब सिंह का नाम केवल क्षेत्र ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश विधानसभा और केंद्र स्तर पर भी सम्मान के साथ लिया जाता है।
जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को लोग आज भी याद करते हैं। कार्यक्रम के बाद मिष्ठान वितरण किया गया।इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री टीकाराम शाह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव जैन, पूर्व कैंट उपाध्यक्ष चंदन रावत, पूर्व कैंट सदस्य दीपक चौहान, नैन सिंह राणा, कमल रावत, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अनुभव अरोड़ा, सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष लेख सिंह, हरमोहन आनंद, भाव सिंह रावत, विकास अग्रवाल, निखिल चौहान, गुमान सिंह, अनिल राय और रघुवीर सिंह रावत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।




