माय भारत देहरादून द्वारा ‘फ्यूचर यूथ लीडर्स बूट कैंप’ का तीन दिवसीय आयोजन शुरू

0
158

देहरादून: मेरा युवा भारत (माय भारत) देहरादून, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘एन जे पोर्टिगो होटल’ में तीन दिवसीय ‘फ्यूचर यूथ लीडर्स बूट कैंप’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के नेतृत्व कौशल को विकसित कर उन्हें भविष्य के प्रभावी युवा नेताओं के रूप में तैयार करना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस बूट कैंप में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा चुने गए 35 प्रतिभागियों को गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम का आधिकारिक उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. योगेश धस्माना (पूर्व जिला युवा समन्वयक, माय भारत), अवधेश शर्मा (प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता), देहरादून के उपनिदेशक अविनाश कुमार सिंह तथा लेखा एवं कार्यक्रम सहायक प्रवेश सिंह बजवाल मौजूद रहे। इस दौरान माय भारत के राज्य निदेशक राहुल डबराल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।May be an image of one or more people and text

विभिन्न सत्रों में मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

बूट कैंप के पहले दिन तीन अलग-अलग सत्रों का आयोजन किया गया:

  • प्रथम सत्र: डॉ. योगेश धस्माना ने पहला सत्र लेते हुए युवाओं को नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वों की बारीकियों से अवगत कराया।

  • द्वितीय सत्र: सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश शर्मा ने दूसरे सत्र में युवाओं को समाज निर्माण और जमीनी स्तर पर नेतृत्व करने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।

  • तृतीय सत्र: दोपहर बाद के तीसरे सत्र में निरंजन जी ने प्रतिभागियों के साथ संवाद साधा और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के तरीके साझा किए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत देहरादून की टीम से सुमन सिंह बिष्ट, सुभाष खत्री, देव सिंह और देवेंद्र सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह तीन दिवसीय बूट कैंप आने वाले दिनों में प्रतिभागियों को नई दिशा और नए विचार प्रदान करेगा।