“केदार नाथ यात्रा के बैकल्पिक मार्ग हो या बद्रीनाथ से केदारनाथ मार्ग को जोड़ने वाला निर्माणाधीन पुल सुरक्षा मानकों के परीक्षण के बाद ही आवागमन संचालित किया जायेगा । इस पर जिला प्रशासन कोई कोताही नहीं बरतेगा”।
(देवेन्द्र चमोली )
रुद्रप्रयाग – जनपद में आम नागरिकों की समस्यायों के त्वरित समाधान के लिये सभी विभागाध्यक्ष जिम्मेदारी से कार्य करें। आम जन को कोई परेशानी न हो इसके प्रति अधिकारी जबाबदेह बने। आगामी केदारनाथ यात्रा का सुव्यवस्थित व सकुशल संचालन पहली प्राथमिकता रहेगी यह कहना है जनपद के नव नियुक्त जिलाधिकारी विशाल मिश्रा का।
आज जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार नव नियुक्त जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कलैक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा इस बीच जनपद की समस्यायों व परिस्थितियों का अवलोकन किया गया जन समस्याओं को सुना गया। उनका प्रयास रहेगा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी केदारनाथ यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व के वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी विभागों के माध्यम से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पशुपालन विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं का समय-समय पर स्वयं उनके द्वारा निरीक्षण किया जाएगा, ताकि व्यवस्थाओं का स्थलीय आकलन कर आवश्यक सुधार तुरंत किए जा सकें।
जिलाधिकारी ने बदरीनाथ-केदारनाथ हाईवे को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए पुल का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद उसकी सभी सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच की जाएगी। सुरक्षा मापदंडों की पूर्ण पुष्टि होने के बाद ही पुल को यातायात के लिए सुचारू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पालिका और सभी नगर पंचायतों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत, शौचालय, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए विभिन्न स्थानों पर साइनबोर्ड (साइनेज), स्ट्रीट लाइट और क्रैश बैरियर भी लगाए जाएंगे। साथ ही यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन और संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान किया जाए। इसके लिए सभी विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।



Recent Comments