Thursday, June 4, 2026
HomeTrending Nowडिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज, श्यामपुर, हरिद्वार में विश्व फ़ार्मेसी दिवस का...

डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज, श्यामपुर, हरिद्वार में विश्व फ़ार्मेसी दिवस का भव्य आयोजन

हरिद्वार , डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज़, श्यामपुर, हरिद्वार में आज विश्व फ़ार्मेसी दिवस बड़े ही उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता भारती (ड्रग इंस्पेक्टर, हरिद्वार) ड्रग इंस्पेक्टर मेघा रहीं। मंच पर कॉलेज निदेशक श्री गगन यादव, कॉलेज की निदेशिका श्रीमति अनुभा मदान, एच.आर. मैनेजर श्रीमती आभा राय, बिज़नस डेवलपमेंट मैनेजर परितोष शर्मा, यूनिट अकाउंटेंट किशन जी, डी.फार्मा प्राचार्य श्री हेमंत तोमर, सहायक प्राध्यापक श्री रोहित चौहान सहित कॉलेज के सभी फैकल्टी सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता भारती ने अपने संबोधन में कहा कि फ़ार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होते हैं। औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा और सही उपयोग सुनिश्चित करने में फ़ार्मेसी पेशेवरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भविष्य में इस पेशे को और ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ और समाज में दवा सुरक्षा व जागरूकता को बढ़ावा दें।

निदेशक श्री गगन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि डिवाइन कॉलेज सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। विश्व फ़ार्मेसी दिवस के माध्यम से हमें न केवल फ़ार्मेसी क्षेत्र की नवीनतम प्रवृत्तियों को समझने का अवसर मिलता है बल्कि समाज के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियों को भी याद करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे ज्ञान, नैतिकता और सेवा भावना को अपना मूलमंत्र बनाएं।

कॉलेज की निदेशिका श्रीमति अनुभा मदान जी ने अपने संबोधन में कहा कि फ़ार्मेसी एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ करियर और सेवा दोनों के अवसर मिलते हैं। हमारे छात्र सिर्फ़ दवा निर्माण में ही नहीं, बल्कि शोध, मार्केटिंग और जनजागरूकता अभियानों में भी अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं। ऐसे आयोजनों से छात्रों का व्यक्तित्व निखरता है।

डी.फार्मा प्राचार्य श्री हेमंत तोमर ने कहा कि फ़ार्मेसी दिवस केवल एक दिन नहीं बल्कि पूरे वर्ष हमें हमारे उद्देश्य और दायित्व की याद दिलाता है। उन्होंने छात्रों से समाज की सेवा करने वाले कुशल फ़ार्मासिस्ट बनने का आह्वान किया। सहायक प्राध्यापक श्री रोहित चौहान ने भी विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए फ़ार्मेसी पेशे की नैतिकता और अनुसंधान की महत्ता पर बल दिया।

कार्यक्रम में पोस्टर प्रस्तुति, क्विज़ प्रतियोगिता और संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने औषधीय पौधों, दवा निर्माण की प्रक्रिया और दवा सुरक्षा पर अपने विचार एवं पोस्टर प्रस्तुत किए। इन गतिविधियों ने छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों, फैकल्टी एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे फ़ार्मेसी क्षेत्र को समाजहित में और अधिक मज़बूत बनाने में योगदान देंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments