रुद्रप्रयाग – उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार एवं माननीय अध्यक्ष महोदय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन में सचिव महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में दिनांक 23/02/2026 को नगर पंचायत तिलवाड़ा के मुख्य बाजार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों, होटलों एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ किराना (ग्रोसरी) दुकान में एक्सपायर खाद्य सामग्री पाई गई, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। संबंधित दुकानदार को मौके पर ही कड़ी डांट-फटकार लगाई गई तथा समस्त एक्सपायर सामग्री को तत्काल प्रभाव से नष्ट करवाया गया। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न दोहराने के सख्त निर्देश दिए गए।
गहन जांच के दौरान कुछ रेस्टोरेंटों में पुरानी एवं संदिग्ध गुणवत्ता की मिठाइयाँ पाई गईं। निरीक्षण में स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता मानकों के पालन में भी कमी पाई गई, जिस पर संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी एवं फटकार दी गई। जनस्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए पाई गई समस्त पुरानी मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सभी प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, समाप्ति तिथि की नियमित जांच, स्वच्छ रसोई व्यवस्था बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।



Recent Comments