हल्द्वानी, रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर टांडा जंगल के पास स्कूटी और स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार हल्द्वानी की ओर जा रही स्कूटी और रुद्रपुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो की टांडा जंगल में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत और हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन सिडकुल स्थित अशोका लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे। रविवार शाम को दोनों अपने साथी 24 वर्षीय आकाश (निवासी रामपुर, यूपी) के साथ स्कूटी से एक विवाह समारोह में हल्द्वानी गए थे।
रात में तीनों स्कूटी से वापस रुद्रपुर लौट आए थे, लेकिन रास्ते में पता चला कि उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में छूट गया है। इसके बाद वे रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी की ओर मोबाइल लेने निकल पड़े।
बताया जा रहा है कि जब वे संजय वन से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए।
घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत और सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ पहुंचे। तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



Recent Comments