देहरादून। उत्तराखंड में तीन दिनों से जिला अदालतों को बम की धमकी मिल रही है। बुधवार को देहरादून जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल आया। जज को भेजे गए मेल में कथित तौर पर पाकिस्तान जिंदाबाद की बात भी लिखी गई। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को नैनीताल, अल्मोड़ा, टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार में भी इसी तरह की धमकी दी गई। अज्ञात ने इस बार राजधानी देहरादून स्थित जिला अदालत परिसर में विस्फोटक लगाने संबंधित मेल अदालत के आधिकारिक ईमेल पर भेजा है। इसके बाद पूरे परिसर को सील कर लगातार तलाशी ली जा रही है। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है। आज सुबह मिला धमकी वाला ई-मेल: आज सुबह जिला न्यायालय कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी न्यायाधीश और अधिवक्ताओं को कोर्ट से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। परिसर खाली करा दिया गया है। सूत्रों के अनुसार जिससे ई मेल से आया है, इसके पीछे शुरुआती जांच में पाकिस्तानी संगठन के होने की आंशका है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला है। पुलिस टीम यहां जांच में जुटी है।
हरिद्वार जिला न्यायालय को मिली बम से उड़ाने की धमकी
हरिद्वार, रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। ई-मेल के जरिए मिली धमकी के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और सिडकुल पुलिस ने संयुक्त रूप से कोर्ट परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ चैकिंग अभियान चला रही है। उधर देहरादून कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद वहां भी चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। कोर्ट परिसर को खाली कराया गया है।
तीन दिन में आठ अदालतों को उड़ाने की धमकी: इससे पहले उत्तराखंड में मंगलवार को छह जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया था। इनमें नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और हरिद्वार शामिल हैं। इससे पहले सोमवार को भी नैनीताल और उत्तरकाशी के जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला था। नैनीताल जिला कोर्ट को दोबारा धमकी भरा ई-मेल मिला है।



Recent Comments