नई दिल्ली: ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस की रैली से पहले रविवार को आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी दल यह कार्यक्रम इसलिए आयोजित कर रहा है ताकि ‘घुसपैठियों’ को मतदाता सूची से हटाए जाने से ‘बचाया जा सके।’ सत्तारूढ़ भाजपा ने दावा किया कि कांग्रेस लोगों को गुमराह करने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने एवं बदनाम करने की अपनी कोशिश में सफल नहीं होगी, क्योंकि पूरी दुनिया जानती है कि भारत का लोकतंत्र ‘बहुत मजबूत’ है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए काम करती रहेगी। यह रैली भाजपा के खिलाफ भी है, लेकिन यह असल में यह ‘वोट चोरी’ के खिलाफ है। यह लोकतंत्र को बचाने के लिए रैली है। केसी वेणुगोपाल ने दावा किया कि कांग्रेस की इस रैली में लाखों लोग हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा और बिहार में ‘वोट चोरी’ हुई। लोगों के मन में यह बात साफ है कि वोट चोरी हुई है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “शनिवार शाम से दिल्ली की सड़कें, होटल और गलियां सब भरी पड़ी हैं। जिस उत्साह के साथ लोग अपने आप आए हैं, वो लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा के लिए आए हैं। वे एक मिशन के रूप में आए हैं, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी तो देश की आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों के साथ थी। कांग्रेस ने जेल भरा, फांसी के फंदे चूमे, जुल्म सहे और देश को आजादी दिलाई। फिर भीमराव अंबेडकर ने जवाहरलाल नेहरू और राजेंद्र प्रसाद के साथ मिलकर संविधान बनाया। उसमें सबसे बहुमूल्य रत्न ‘वोट का अधिकार’ था। भाजपा उसी की चोरी कर रही है।”
तिवारी ने कहा कि रविवार को जो शंखनाद होने जा रहा है, यह भारत की जनता का है कि हम वोट चोरी नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा के बाद बिहार के चुनावों में ‘वोट चोरी’ नहीं, बल्कि ‘डकैती’ हुई।
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी की यह रैली हाल के बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हो रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने बिहार चुनाव से पहले इसे मुद्दा बनाया था। हालांकि, बिहार चुनाव में हार के बावजूद कांग्रेस पार्टी ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर आगे बढ़ रही है। रविवार को होने वाली रैली में प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और सचिन पायलट समेत सीनियर नेता हिस्सा लेने वाले हैं। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी मौजूद रहने की संभावना है।



Recent Comments