रुद्रप्रयाग – जनपदभर में कल देर शांय प्रशासन द्वारा अलग-अलग टीम बनाकर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। सार्वजनिक सुविधाओं की स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा, निर्धारित मूल्य पर वस्तुओं की बिक्री तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा ताबड़ तोड़ निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशों पर निरीक्षण अभियान के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। औचक निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाये जाने पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस के साथ हिदायतें दी गयी।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने सार्वजनिक शौचालयों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश।
रुद्रप्रयाग-तिलवाड़ा मार्ग स्थित नगर पालिका रुद्रप्रयाग के सार्वजनिक शौचालय तथा ग्राम पंचायत भैंसगांव में पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित सामुदायिक शौचालय का औचक निरीक्षण किया। नगर पालिका के शौचालय में साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई, जबकि भैंसगांव के सामुदायिक शौचालय में सफाई व्यवस्था खराब मिली तथा मौके पर कोई कर्मचारी उपस्थित नहीं था। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी ने नगर क्षेत्र के सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया। अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जबकि संगम बाजार स्थित शौचालय में सफाई एवं मच्छरों की समस्या के समाधान के लिए अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने
स्वास्थ्य संस्थानों का किया निरीक्षण, मरीजों एवं तीमारदारों से लिया फीडबैक।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि का औचक निरीक्षण कर जनरल वार्ड, महिला वार्ड, स्टाफ रूम, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जनरल वार्ड में आठ मरीज भर्ती पाए गए, जबकि महिला वार्ड में एक प्रसव का मामला था। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने मरीजों को समयबद्ध एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, चिकित्सा सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चिकित्सालय में स्वच्छता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग का रात्रिकालीन चेकिंग अभियान, 12 वाहनों के चालान।
सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं मोटर वाहन अधिनियम का अनुपालन कराने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में रात्रिकालीन सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, वाहन कर, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र, हिल एंडोर्समेंट, ड्राइविंग लाइसेंस, रिफ्लेक्टर, ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड एवं हेलमेट सहित आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 12 वाहनों के चालान किए गए। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
विदेशी मदिरा की दुकान का निरीक्षण, तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश।
आबकारी विभाग की टीम ने तिलवाड़ा स्थित विदेशी मदिरा की दुकान का औचक निरीक्षण कर स्टॉक पंजिका, भौतिक स्टॉक, अनुज्ञापन, बिक्री मशीन, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, साफ-सफाई, खुलने एवं बंद होने के समय तथा निर्धारित रेट लिस्ट सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान रेट लिस्ट में कुछ ब्रांडों के मूल्य अंकित नहीं पाए गए। इस अनियमितता पर संबंधित विक्रेता एवं अनुज्ञापी को तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने तथा मदिरा एवं बीयर की बिक्री निर्धारित मूल्य पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला आबकारी अधिकारी श्री रमेश बंगवाल ने बताया कि नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
रुद्रप्रयाग बाजार में संयुक्त टीम की छापेमारी, दुकानदारों को चेतावनी नोटिस।
जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली एवं सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा मनोज कुमार सेमवाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने रुद्रप्रयाग बाजार में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, फल-सब्जी विक्रेताओं तथा परचून की दुकानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, निर्धारित मूल्य सूची, ओवररेटिंग तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित न होने तथा खराब सब्जियां बेचे जाने जैसी कमियां मिलने पर संबंधित दुकानदारों को चेतावनी नोटिस जारी किए गए। सभी दुकानदारों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, खराब एवं गुणवत्ताविहीन खाद्य सामग्री की बिक्री न करने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भविष्य में पुनः अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में सार्वजनिक सुविधाओं, स्वास्थ्य संस्थानों, बाजार व्यवस्था एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य व्यवस्थाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें।




