देहरादून, राज्य में फिर कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, बढ़ते संक्रमण के चलते स्थगित 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं अब आगामी 18 फरवरी को होंगी। पहले ये प्री-बोर्ड परीक्षाएं 24 जनवरी से शुरू होनी थीं। शिक्षा विभाग ने ये फैसला सरकार के 31 जनवरी से स्कूल खोलने के आदेश जारी होने के बाद लिया है।
दरअसल, शिक्षा विभाग ने 19 जनवरी को 10वीं और 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षाएं कराए जाने का निर्णय लिया था। उस दौरान प्री बोर्ड परीक्षाएं 28 जनवरी से शुरू करने का फैसला लिया गया था। हालांकि बाद में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर परीक्षाओं की तिथि बदलकर 24 जनवरी कर दी गई थी। इसी बीच कोरोना महामारी की तीसरी लहर चरम पर पहुंचने लगी तो सरकार की नई गाइडलाइन जारी होते ही शिक्षा विभाग ने प्री-बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था। ये भी स्पष्ट कर दिया था कि अब परीक्षाएं कब होगी ये निर्धारित नहीं है। अब सरकार ने 31 जनवरी से कक्षा 10 से 12वीं तक के स्कूल भौतिक रूप से खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं स्कूल खुलने के बाद शिक्षा विभाग ने अब प्री बोर्ड परीक्षाएं कराने का फैसला लिया है। बोर्ड मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रभारी ने बताया कि अब प्री बोर्ड परीक्षाएं आगामी 18 से 25 फरवरी तक कराई जाएंगी। तिथि बदलने के अलावा सभी नियम पहले जैसे ही रहेंगे।




