Thursday, June 4, 2026
HomeTrending Nowपटेल ने भारत को एकता के सूत्र में पिरोया:  अनिल बलूनी

पटेल ने भारत को एकता के सूत्र में पिरोया:  अनिल बलूनी

 – सरदार पटेल की 150 जयंती के अवसर पर भाजपा ने  राष्ट्रीय एकता पदयात्रा का आयोजन किया
कोटद्वार(आरएनएस)।   देश के पहले उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 जयंती के अवसर पर कोटद्वार भाजपा की ओर से गुरुवार देर शाम को राष्ट्रीय एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा तड़ियाल चौक से शुरू हुई तथा मालवीय उद्यान पहुंचकर समाप्त हुई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में आम जन सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं स्काउट गाइड्स शामिल रहे। बतौर मुख्य अतिथि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री के रूप में सरदार वल्लभ भाई पटेल उन रियासतों को एक सूत्र में पिरोया, जो आज भारत की एकता और अखंडता की नींव हैं। उनका यह कार्य हमेशा भारतीय इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। यात्रा समापन पर मालवीय उद्यान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी व आधुनिक भारत के शिल्पकार एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री लौहपुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह पदयात्रा राष्ट्रीय एकता और सेवा-भावना का प्रेरक प्रतीक है। कहा कि उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा ग्रामीण परिवेश में प्राप्त की और आगे चलकर इंग्लैंड जाकर कानून की पढ़ाई पूरी की। वकालत की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने अहमदाबाद में वकालत का अभ्यास शुरू किया। वे महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित थे। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और खेड़ा सत्याग्रह, नागपुर ध्वज आंदोलन व बारडोली सत्याग्रह का सफल नेतृत्व किया। जब 1947 में भारत आजाद हुआ, तब देश 550 से अधिक रियासतों में बंटा हुआ था। इन रियासतों को भारत में शामिल करना एक असंभव कार्य माना जा रहा था। लेकिन सरदार पटेल ने अपने राजनीतिक कौशल, कूटनीति और दृढ़ संकल्प के बल पर यह कार्य पूरा किया। कार्यक्रम में प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, लैंसडौन विधायक दिलीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, मेयर शैलेंद्र रावत, ऋषि कंडवाल, राजेंद्र अंथवाल, वीरेंद्र रावत, हरि पुंडीर, विजयानंद पोखरियाल, विकासदीप मित्तल और मोहन सिंह नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments