देहरादून, उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन की मुख्य महाप्रबंधक उत्तराखंड जल संस्थान से विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित वार्ता में कोई हल नहीं निकला, जल भवन में आयोजित वार्ता में गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल के पदाधिकारी द्वारा प्रतिभाग किया गया।
संगठन के महामंत्री रमेश बिंजोला द्वारा मुख्य महाप्रबंधक को पूर्व में 21 सूत्रीय मांग पत्र दिया गया था, संगठन के 21 सूत्रीय मांगों पर मुख्य महाबंधक स्तर से कोई भी कार्रवाई न करने पर कर्मचारियों की वार्ता विफल हो गई जिस पर कर्मचारियों द्वारा मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय पर जोरदार नारेबाजी की गई तथा निर्णय लिया गया कि मुख्यमहाप्रबंधक के कार्यालय में दो दिवसीय धरना प्रदर्शन जायेगा।
संगठन के अध्यक्ष संजय जोशी द्वारा कहा गया कि शुक्रवार 22 एवं शनिवार 23 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में कर्मचारी धरना प्रदर्शन में प्रतिभाग करें। प्रदेश उपाध्यक्ष रामचंद्र सेमवाल द्वारा कहा गया कि समस्त कर्मचारी जल भवन में समय अनुसार पहुंचकर प्रबंधन की हठधर्मिता का जवाब एकजुट होकर दें।
वार्ता में मंडलीय अध्यक्ष श्याम सिंह नेगी, मंडलीय महामंत्री शीशुपाल रावत, प्रदेश कोषाध्यक्ष लाल सिंह रौतेला, प्रदेश मीडिया प्रभारी संदीप मल्होत्रा, रमेश चंद शर्मा, वासुदेव राणा, अमित कुमार, अशोक हरदयाल, अनिल शर्मा, रणवीर सिंह, मनीराम व्यास, राजेंद्र बिष्ट, डीपी बद्री, चतर सिंह, धन सिंह चौहान, धूम सिंह सोलंकी, प्रदीप तोमर, आशीष तिवारी, संजय कुमार, जीवानंद भट्ट, सुभाष सलहोत्रा, अनिल भट्ट मदनलाल, शरद कुमार एवं उत्तम कुमार आदि कर्मचारी उपस्थित थे।
जल संस्थान कर्मचारियों की प्रबंंधन से वार्ता हुई विफल, अब होगा दो दिवसीय धरना प्रदर्शन
जनपद सम्भल के जनता कृषक इंटर कॉलेज पंवासा के रजत जयंती वार्षिकोत्सव में शामिल हुये -सीएम धामी
-शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय द्वारा किये जा रहे प्रयासों को सराहा
-देश का भविष्य है हमारे छात्र उनका भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है शिक्षकों पर
देहरादून(आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को जनपद सम्भल के जनता कृषक इंटर कॉलेज पंवासा के रजत जयंती वार्षिकोत्सव में शामिल हुये। मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय के मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का हमारे जीवन में विशेष महत्व है, शिक्षा से व्यक्ति का भौतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक विकास सुनिश्चित होता। व्यक्तित्व के निर्माण के लिए भी शिक्षा नितांत आवश्यक रहती है। शिक्षा और संस्कार मनुष्य के जीवन के दो कीमती उपहार है, जो व्यक्ति के जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल देते है। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य में शिक्षा और संस्कार दोनों का विकास होता है, तभी वह परिवार, समाज और देश का विकास कर सकता है। हमारी शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक ही सीमित न रहे, बल्कि अच्छी शिक्षा के साथ-साथ हमारा चारित्रिक विकास भी सुनिश्चित हो, इस दिशा में ध्यान दिये जाने पर भी उन्होंने बल दिया। इसमें माता-पिता और गुरुजनों का अहम योगदान रहता है।
उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षकों का यह कर्तव्य होना चाहिए कि बच्चों को सदा सच्चाई के मार्ग पर चलना सिखाएं। उन्हें सहनशील, कर्तव्यनिष्ठ बनाएं तथा सभी से प्रेम पूर्वक आत्मीयता का व्यवहार करना सिखाएं। क्योंकि मनुष्य अपने जीवन में जो डिग्री हासिल करता है वह सिर्फ एक कागज का टुकड़ा मात्र है, जबकि व्यक्ति की असली डिग्री उसके संस्कार हैं, जो उसके व्यवहार में झलकते हैं। प्राचीन काल से ही भारत में संस्कारों का पाठ पढ़ाया जाता रहा है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपेक्षा की कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी दें। देश के कल का भविष्य तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी शिक्षकों के ही कंधों पर है। शिक्षक किसी भी विद्यार्थी के जीवन को प्रकाश एवं उन्नति से आलोकित करने का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। उनके मार्गदर्शन में ही छात्र साधारण से असाधारण की यात्रा करने में सफल होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत प्राचीनकाल से ही विश्व गुरू रहा है और आज का नया भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुनः विश्व गुरु का स्थान प्राप्त करने के लिए पूरी शक्ति के साथ शिक्षा सहित हर क्षेत्र में विकास की दिशा में अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश को आज नई शिक्षा नीति प्राप्त हुई है। उत्तराखण्ड राज्य में इस नीति को लागू कर दिया गया है। जो हमारे लिये गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति से सभी वर्ग के लोगों को समानता के आधार पर शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे तथा स्कूल स्तर पर युवाओं के कौशल विकास में सहायता प्राप्त होगी। इस नीति से शोध एवम अनुसंधान को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवा पीढ़ी को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में युवाओं के भविष्य की बेहतरी के लिये विशेष रोड मैप तैयार किया जा रहा है। इसके आधार पर उत्तराखण्ड सरकार राज्य के युवाओं को प्रत्येक स्तर पर उनके सपने साकार करने में सहायता प्रदान करने का हर संभव प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन की सरकारों में बडे स्तर पर जहां मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की जा रही है वहीं प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा के विकास पर भी पूर्ण ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिखाए मार्ग पर चलते हुए हम शीघ्र ही एक विकसित भारत बनाने में अवश्य सफल होंगे। इस वर्ष देश में आयोजित हुये जी-20 सम्मेलन से पूरी दुनिया भारत के सामर्थ्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हुई है। आज विश्व मंच पर भारत की बात सुनी जाती है। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में नये भारत का मॉडल तैयार हुआ है तथा 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना साकार करने की दिशा में मजबूती के साथ कदम बढाये जा रहे है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस विद्यालय की स्थापना में स्व. पंडित राम शर्मा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राम प्रसाद गुप्त, अमर उजाला के संस्थापक स्व. अतुल माहेश्वरी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी तथा जगद्गुरु स्वामी राजराजेश्वराश्रम जी के प्रयासों की भी सराहना की।
इस अवसर पर जगदगुरू स्वामी राजराजेश्वराश्रम, उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, विद्यालय के अध्यक्ष जयपाल सिंह, प्रबंधक राजुल माहेश्वरी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, छात्र- छात्राएं एवं अभिभावक गण उपस्थित थे।
जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरी के आचार्य पीठ पर पदस्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर हरिहर आश्रम में आयोजित किया जाएगा तीन दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव
संघ प्रमुख मोहन भागवत सहित अनेक प्रमुख संत व राजनेता होंगे शामिल
हरिद्वार, (कुलभूषण)। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरी महाराज के आचार्य पीठ पर पदस्थापना के 25 वर्ष पूरे होने और श्रीदत्त जयन्ती के अवसर पर कनखल स्थित हरिहर आश्रम में तीन दिवसीय दिव्य आध्यात्मिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 24 दिसम्बर से आयोजित हो रहे महोत्सव का शुभारंभ सरसंघ चालक डा.मोहनराव भागवत श्रीपंचदेव यज्ञ के अरणी मन्थन एवं देव पूजन कर करेंगे। आश्रम में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरी महाराज ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत श्रीदत्त आराधना महोत्सव, धर्मसभा, सन्त समागम सहित कई सांस्कृतिक आध्यात्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के शुभारंभ पर आयोजित की जाने वाली धर्मसभा व संत समागम में संघ प्रमुख डा.मोहनराव भागवत भी शामिल होंगे। सांयकालीन सत्र में महाभारत में श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता नितीश भारद्वाज अपने समूह के साथ चक्रव्यूह नाटक मंचन की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा 25 दिसम्बर को लोकगायिका मालिनी अवस्थी स्वरांजली की प्रस्तुति देंगी। इसके बाद नृत्यांगना मैत्रेयी पहाड़ी अपने समूह के साथ नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगी। 26 दिसम्बर को प्रख्यात नृत्यांगना पद्मश्री प्रतिभा प्रह्लाद समूह के साथ वीरांगनाओं के जीवन पर आधारित नृत्य वाॅरियर वूमन्स आॅफ भारत प्रस्तुत करेंगी।
स्वामी अवधेशानांद गिरी महाराज ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रमों में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट तथा हिंदू धर्म आचार्य सभा के महासचिव स्वामी परमात्मानन्द सरस्वती, स्वामी गुरूशरणानंद, योगगुरू स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, शांतिकुंज प्रमुख डा.प्रणव पंडया, स्वामी चिदानंद सरस्वती, स्वामी कैलाशानंद गिरी, स्वामी विशोकानंद भारती सहित अनेक प्रमुख संत शामिल होंगे।
प्रैसवार्ता के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, स्वामी कैलाशानंद गिरी, स्वामी अपूर्वानन्द, स्वामी नित्यानन्द, स्वामी केशवानन्द, आईडी शास्त्री, पीयूष, गोकुल आदि भी मौजूद रहे।
वर्ष 2024-25 बजट के लिए वित्त मंत्री ने जनता से मांगे सुझाव, व्हाट्सअप नंबर किया जारी
देहरादून, प्रदेश के वित्त मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने राज्य के वर्ष 2024-25 के बजट के लिए जनता के सुझाव मांगे हैं। जो 10 जनवरी 2024 तक बजट की वेबसाईट, ई-मेल के साथ ही व्हाट्सअप नंबर पर भी भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य का बजट जनता का बजट होगा। जो जनता के द्वारा जनभावनाओं के अनुरूप बनाया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के बजट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष भी हमने बजट निर्माण में कुछ सुधार प्रारम्भ किये हैं। प्रदेश में विभिन्न विभागों एवं सार्वजनिक संस्थाओं में कार्यरत मानव संसाधन की सटीक जानकारी प्राप्त करने के प्रयास किये हैं।
वित्त मंत्री ने बताया कि पहली बार विभागाध्यक्ष के स्तर पर आईएफएमएस पोर्टल पर स्वीकृत व कार्यरत पदों का पूर्ण विवरण भरने के बाद ही बजट की मांग करने का प्राविधान किया गया है। सचिव स्तर पर विभाग में संचालित योजनाओं के लिए जेंडर बजट का प्राविधान किये जाने की व्यवस्था की गयी है।
प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि बजट निर्माण में जनता की सहभागिता के लिए पिछले साल में प्राप्त सुझाव का संज्ञान लेने के लिए सभी सचिवों को निर्देशित भी किया गया है। इस साल भी जनता के सुझाव आमंत्रित किये गये हैं। जो कि आगामी 10 जनवरी तक दे सकते हैं।
पुलिस उपाधीक्षक सुश्री निहारिका सेमवाल एवं महिला आरक्षी डॉली जोशी हुई सम्मानित
देहरादून, नई दिल्ली में एनसीआरबी द्वारा आयोजित 5th Conference on Good Practices in CCTNS/ICJS में उत्तराखण्ड पुलिस के जनपद हरिद्वार में तैनात पुलिस उपाधीक्षक सुश्री निहारिका सेमवाल एवं जनपद ऊधमसिंहनगर में तैनात महिला आरक्षी डॉली जोशी को प्रदेश में CCTNS/ICJS के सकुशल क्रियान्वयन हेतु सम्मानित किया गया है।
इस परियोजना का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर अपराध और न्यायिक सिस्टम को समृद्धि प्रदान करना है। CCTNS-ICJS प्रोजेक्ट के अंतर्गत डेटा सहयोग, तकनीकी संबंध, और सुरक्षा संबंधित क्षेत्र में योजनाएं शामिल हैं जो राष्ट्रीय सुरक्षा में सुधार करने का उद्देश्य रखती हैं। साथ ही इस परियोजना के माध्यम से विभिन्न राज्यों के पुलिस ब्यूरोज को अपने अपराध संबंधी डेटा को साझा करने का भी सहयोग मिलता है। पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी।
इम्बेलिश मिसेज इंडिया में प्रतिभाग कर पूरा कर रही बचपन का सपना, 20 महिलाओं ने लिया आत्मविश्वास के साथ फर्स्ट लुक में हिस्सा
देहरादून(एल मोहन लखेड़ा),ईम्बेलिश मिसेज इंडिया सीजन -2 में देशभर से 20 महिलाएं प्रतिभाग कर रही हैं। जिसका फर्स्ट लुक गुरुवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रूमिंग क्लासेज लेने वाली महिलाओं में गजब का आत्मविश्वास दिखाई दिया।
इवेंट में उत्तराखंड सहित दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा,पंजाब सहित हिमाचल आदि जगहों से महिलाएं भागीदारी निभा रही हैं। इसकी जानकारी देते हुए इम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट की डायरेक्टर ख्याति शर्मा ने बताया कि ये पांच साल पुरानी कंपनी है।
इसके सीजन-2 को लेकर महिलाओं में बेहद उत्साह है। जो महिला पहले तक चुप और डरी हुई रहती थी। हमारी ओर से ग्रूमिंग क्लासेज देने के बाद आज वो भी सबके सामने खुलकर बोलने लगी है। उन्होंने जानकारी दी कि उम्र के हिसाब से हमने सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम कैटेगरी बनाई है। सिल्वर में 18 से 35, गोल्ड में 35 से 40 और प्लेटिनम में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग को रखा गया है। जिनकी कोरियोग्राफी प्रशांत रावत, पर्सनालिटी ग्रूमिंग सूची अग्रवाल और मेकअप टीम न्यू अट्रैक्शन सैलून की ओर से किया जा रहा हैं। इवेंट कॉर्डिनेटर सारिका सिंह हैं। ख्याति ने बताया कि 27 दिसम्बर को इवेंट का ग्रैंड फिनाले होगा। जिसमें हर ग्रुप में तीन विनर्स चुनी जाएंगी। जो कि आगे चलकर अलग-अलग कंट्री में होने वाले ब्यूटी पीजेंट में रिप्रेजेंट करेंगी।
मैं भी कुछ हूं, साबित करूँगी….!
पूरे समय पति और बच्चों की देखभाल करने वाली इन महिलाओं में हमेशा से कुछ अलग करने की इच्छा थी। किसी ने ससुराल तो किसी ने रिश्तेदारों की बातों से परेशान होकर ठानी कि आख़िर एक दिन मैं भी सबके सामने साबित करूँगी कि मैं भी कुछ हूँ। मेरे भी कुछ बचपन के ख्वाब हैं।यदि हम परिवार को आगे रख रहे हैं। इसका मतलब ये नहीं कि हम जीवन में कुछ नहीं कर सकते। महिलाओं ने बताया कि ग्रूमिंग क्लासेज के बाद हम में गज़ब का कॉन्फिडेंस आ रहा है और हम अब इस फील्ड में आगे तक जाने का सपना देख चुके हैं।
प्रदेश में कोरोना का एक भी केस नहीं, हर परिस्थिति से निपटने को तैयार स्वास्थ्य विभाग : डॉ. आर राजेश कुमार
कोविड पॉजिटिव सैंपल की होगी जीनोम सीक्वेंसिंग : डॉ. आर राजेश कुमार
कोविड को लेकर प्रदेश भर में शुरू होगा जन जागरूकता अभियान, अधिकारियों को स्वाथ्य सचिव ने दिए निर्देश
देहरादून, देश में कोविड के नए मामले सामने आने के बाद उत्तराखण्ड स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। कोविड गाइडलाइंस जारी करने के बाद स्वास्थ्य सचिव डॉक्टर आर राजेश कुमार ने डेली मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। कोविड के नये वेरियंट के दृष्टिगत आज राज्य सचिवालय में स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी व स्वास्थ्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे। स्वास्थ्य सचिव डॉक्टर आर राजेश कुमार ने कहा उत्तराखंड में अभी कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया है। कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर विस्तृत गाइडलाइन के साथ ही अस्पतालों में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। हर परिस्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने आम मानस से अपील करते हुए कहा कि सभी कोरोना गाइडलाइंस का पालन करें। राज्य के सभी अस्पतालों में सैंपलिंग हो रही है। संदिग्ध मरीजों की निगरानी की जा रही है।
कोविड को लेकर सचिवालय में हुई अहम बैठक में स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशत करते हुए कहा कि कोविड की जांच आरटीपीसीआर के माध्यम से की जाए।उन्होने कहा सभी कोविड पॉजिटिव सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग की जाए। कोविड मरीजों की लगातार निगरानी जनजागरुकता अभियान संचालित करें साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए की किसी भी स्वास्थ्य इकाइयों में चिकित्सा सुविधाओं की कमी ना हो।
सचिव द्वारा कोविड की दैनिक मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड के मामले शून्य व नए वेरियंट जेएन.1 को लेकर भी भारत सरकार से मिले दिशा.निर्देशों का अनुपालन किया जा रहा है। सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी जिलाधिकारी आम जनमानस में कोविड संबंधित भ्रातियों को बढ़ने ना दें व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही अनुपालन करें।
बैठक में महानिदेश स्वास्थ्य डॉ विनीता शाहए अपर सचिव स्वास्थ्य अमनदीप कौर संयुक्त निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ महेंद्र कुमार पंतए कार्यक्रम अधिकारी डॉ पकंज कुमार सहित समस्त मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य राज्य एवं जिला आईडीएसपी टीम द्वारा प्रतिभा किया गया।
बढ़ते बाघ के आतंक से भड़का जनाक्रोश : शव के साथ किया धरना प्रदर्शन, लगाया जाम
नैनीताल, पहाड़ों में बाघ का आतंक बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीण भयभीत हैं, जनपद में भीमताल के अलचौना के ताड़ा गांव में मंगलवार की शाम बाघ का निवाला बनी निकिता शर्मा की मौत के बाद क्षेत्र में जनाक्रोश भड़क गया है। आक्रोशित लोगों ने शव को लेकर खुटानी चौराहे पर जाम लगा दिया। जिससे दोनों ओर सैंकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। युवती की मौत के बाद से ही ग्रामीणों और परिजनों में वन विभाग और जिला प्रशासन के लिए आक्रोश था, जो सुबह होते हो बुरी तरह फूट पड़ा। बुधवार को नाराज लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आदमखोर बाघ को मारने की मांग शुरू कर दी। ग्रामीण युवती का शव लेकर खुटानी में वन विभाग और प्रशासन के लिए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि आदमखोर बाघ की मौत तक युवती का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों को मनाने में पुलिस के अधिकारी लगे हुए हैं। लेकिन ग्रामीण उनकी कोई बात सुनने को तैयार नहीं है। विधायक राम सिंह कैड़ा के समझाने पर भी ग्रामीण मानने को तैयार नहीं है। स्थिति इतनी विकट है कि ग्रामीणों का उग्र विरोध देख वन विभाग के कन्जवेटर और डीएफओ ग्रामीणों को सामने तक नहीं आए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जिलाधिकारी को फोन किया गया लेकिन उनके द्वारा फोन नहीं उठाया गया।
दर्दनाक हादसा : गहरी खाई में गिरी कार, पिता-पुत्र सहित तीन की मौत
पिथौरागढ़, जनपद से फिर एक सड़क हादसे की खबर आयी है। मिली जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़- धारचूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम के साथ रेस्क्यू कर शवों को बाहर निकाला। वहीं दूसरी ओर नैनीपातल के समीप एक कार हादसे का शिकार हो गई जिसमें चार लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार एक हादसा सतगढ़ के पास हुआ है। यहां कनालीछीना से पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय की ओर आ रही है एक वैगनआर कार सतगढ़ के पास असंतुलित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता पुत्र सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सयुंक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई से तीनों शवों को निकाल कर सड़क तक लाया जा सका। मृतक की पहचान सतगढ़ गांव निवासी हरीश कापड़ी और उनका बेटा शुभम कापड़ी के रूप में हुई है। जबकि तीसरे मृतक का नाम रोहित बोनाल निवासी धारचूला बताया जा रहा है। घटना से कोहराम मच गया है। इससे पहले भी बुधवार को एक कार नैनीताल के समीप पाले में फिसल कर खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि बुधवार को धारचूला स्थित एनएचपीसी धौलीगंगा जलविद्युत परियोजना में कार्यरत चार कर्मचारी जिला हल्द्वानी के लिए निकले। जिला मुख्यालय से 15 किमी पहले वाहन अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने घायलों को निकाला। बताया जा रहा है कि प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है
अच्छी खबर : कूड़ा फेंकने वालों की फोटो खींचो और भेजो, इनाम में पाओ चालान की रकम 50 प्रतिशत
देहरादून, अब प्रदेश में जहां-तहां कूड़ा फेंकने वालों की खेर नहीं, इस समस्या से निपटने के लिए अब सरकार सीसीटीवी कैमरों से नजर रखेगी साथ ही जो लोग कूड़ा फेंकने वालों की फोटो या वीडियो खींच कर भेजेंगे, उन्हें चालान की रकम का 50 प्रतिशत इनाम के रूप में दिया जाएगा। मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु शहरी विकास को इसे योजना में शामिल करने के निर्देश दिए, उन्होंने विभाग से 15 दिन के अंदर पूरे प्रदेश में कूड़ा उठान की प्रभावी योजना के लिए ठोस कूड़ा प्रबंधन प्रणाली का एक आदर्श कार्य योजना भी तलब की। उन्होंने ताकीद किया कि अगले 15 दिन के भीतर पूरे प्रदेश को डस्टबिन फ्री बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्य सचिव मंगलवार को सचिवालय में प्रदेश में ठोस कूड़ा प्रबंधन के तहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ठोस कूड़ा के 100 प्रतिशत निपटारे का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण, सोर्स सेग्रीगेशन एवं डस्टबिन फ्री सिटी की दिशा में कार्य होना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में विश्वस्तरीय ठोस कूड़ा प्रबंधन प्रणाली विकसित करने के लिए एक आदर्श योजना बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि विभिन्न योजनाओं से योजना पर कार्य करने के बाद गैप फंडिंग के लिए स्टेट बजट से प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों से लेगेसी वेस्ट को भी शीघ्र हटाए जाने के निर्देश दिए। कहा कि लेगेसी वेस्ट हटाए जाने के बाद ख़ाली पड़ी भूमि का अधिकतम उपयोग हो सके इसके लिए स्थानीय आवश्यकताओं एवं परिस्थितियों के अनुरूप भूमि उपयोग की योजना तैयार की जाए। बैठक में अपर सचिव नितिन भदौरिया एवं सदस्य सचिव उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सुशांत पटनाईक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे |
उन्होंने कहा कि 100 प्रतिशत डोर टू डोर कूड़ा उठान तभी संभव होगा, जब पूरे प्रदेश को डस्टबिन फ्री किया जाएगा। इसके लिए कूड़ा उठाने वाले वाहनों की जितनी भी आवश्यकता होगी उसके लिए बजट उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही मैन पावर भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने लोगों में जागरूकता के लिए भी योजना संचालित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को डोर टू डोर कूड़ा उठान के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर की सड़कों के किनारे से डस्टबिन हटाए जाने के बाद डस्टबिन उठाने के अनुकूल बनी गाड़ियां जब तक चल रही हैं, उनसे कार्य लिया जाता रहे। इसका ध्यान रखते हुए उन वाहनों का मॉडिफिकेशन प्लान भी तैयार कर किया जाए।
मुख्य सचिव ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट्स के निर्माण में भी तेज़ी लाए जाने के निर्देश दिए। कहा कि सभी प्लांट्स के प्रत्येक स्तर के पूर्ण होने तिथि सहित पूरा प्लान प्रस्तुत किया जाए. उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का थर्ड पार्टी ऑडिट कराए जाने के भी निर्देश दिए।
मंदिर समिति विश्राम गृहों में निर्माण-आपूर्ति संबंधी जांच उप समिति ने सौंपी रिपोर्ट : घटिया निर्माण, अनुरक्षण कार्य से जुड़े ठेकेदारों तथा आपूर्तिकर्ताओं से होगी भरपाई
देहरादून, श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति की धर्मशालाओं- विश्रामगृहों तथा मंदिरों में यात्रा वर्ष – 2023 में हुए निर्माण- अनुरक्षण कार्यों तथा विश्राम गृहों में सामान आपूर्ति की गुणवत्ता जांच हेतु बनी उप समिति ने अपनी रिपोर्ट श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय को सौंप दी है।
बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने जांच रिपोर्ट का संज्ञान लेकर आपूर्तिकर्ताओं तथा निर्माण एवं अनुरक्षण कार्य से जुड़े संबंधित ठेकेदारों से दो सप्ताह के अंदर मानकों के अनुरूप पुन: कार्य स़पादित करने के निर्देश दिये है। तब तक संबंधित ठेकेदारों तथा फर्मो के बिल भुगतान को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है।
इस संबंध में मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह ने मंदिर समिति अधिशासी अभियंता तथा लेखा विभाग को आदेश जारी किये है साथ ही मानकों के अनुरूप कार्य किये जाने संबंधी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने एवं भविष्य में भी मानकों के अनुरूप कार्य की अपेक्षा की गयी है।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के विश्राम गृहों में चार धाम यात्रा हेतु तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु विश्राम गृहों के रख- रखाव हेतु मरम्मत- निर्माण कार्यों तथा सामान सप्लाई निविदा में तय मानकों पर संबंधित कार्य के निर्देश हुए थे।
उल्लेखनीय है कि सामान की सप्लाई तथा निर्माण अनुरक्षण कार्यों में कई शिकायते आ रही थी इस पर बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय के निर्दश पर माह सितंबर 2023 में बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच उप समिति का गठन किया गया। सभी निर्माण कार्यों तथा आपूर्ति सामान की गुणवत्ता की जांच के बाद इसी माह जांच रिपोर्ट सौंपी गयी।
उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने दो सूत्रीय मांग को लेकर दिया एक दिवसीय धरना
देहरादून, दून के दीनदयाल पार्क में पर उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम कें तहत दो सूत्रीय मांग को लेकर एक दिवसीय धरना दिया गया।
आज राज्य आंदोलनकारियों की दो मुख्य मांगों जिसमें चिन्हीकरण का जल्द निस्तारण व 10% क्षैतिज आरक्षण हेतु शीघ्र विधानसभा सत्र आहूत किया जाय साथ ही गत 02-अक्टूबर की माननीय मुख्यमन्त्री की मुजफ्फरनगर शहीद स्मारक की घोषणा कें बाद भी एक सामान पेंशन का शासनादेश शीघ्र जारी करने हेतु धरना दिया गया। धरने की अध्यक्षता जगमोहन सिंह नेगी एवं संचालन पूरण सिंह लिंगवाल द्वारा किया गया।
बैठक में राज्य आंदोलनकारी मांगों जिसमें आहूत की सरकार द्वारा इतना समय बिताने कें बाद भी ना तो क्षैतिज आरक्षण हेतु सत्र बुलाया और ना ही शासनादेश होने कें बाद भी चिन्हीकरण नहीं हो पाया इससे आंदोलनकारियों में आक्रोश व्याप्त है।
प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी व देवी गोदियाल ने कहा कि यदि राज्य आंदोलनकारियों कें मामले को लेकर गम्भीर है तो फिर अभी तक विधानसभा सत्र आहूत नहीं किया गया और ना ही अभी तक चिन्हीकरण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कोई पहल नहीं हुई अतः सरकार पर दबाव बनाने हेतु हमें धरना देने को विवश होना पड़ा। बेठक की अध्यक्षता करते हुये सभी से 24-दिसम्बर को मूल निवास रेली मेँ प्रतिभाग करने की अपील की गई। धरना प्रदर्शन कर जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार शादाब कें माध्यम से माननीय मुख्यमन्त्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। उर्मिला शर्मा व सत्या पोखरियाल ने कहा कि आखिर सरकार राज्य आंदोलनकारियों कें साथ इतना पक्षपात क्यों कर रही है जबकि सरकार प्रचार प्रसार पहले ही कर चुकी है। डी एस गुसाईं एवं विक्रम भण्डारी ने कहा कि सरकार शीघ्र 10% लेकर जल्द सत्र आहूत किया जाय। प्रदीप कुकरेती ने कहा कि सरकार प्रत्येक जिलाधिकारी को निर्देश दे कि शीघ्र चिन्हीकरण का कार्य समाप्त किया जाय।
धरना देने वालों में जगमोहन सिंह नेगी, अशोक वर्मा, देवी गोदियाल, पूरण जुयाल, क्रांति कुकरेती, डीएस गुसांई, पूरण सिंह लिंगवाल, विक्रम भण्डारी, रुकम पोखरियाल, सत्या पोखरियाल, मुन्नी खंडूड़ी , उर्मिला शर्मा, सुलोचना भट्ट, बीर सिंह रावत, बलबीर सिंह नेगी, जयदीप सकलानी, विनोद असवाल, मोहित डिमरी, प्रदीप सकलानी, प्रदीप कुकरेती, पूरण सिंह लिंगवाल, विशम्भर दत्त बोन्ठीयाल, देवेश्वरी रावत, संजय बलूनी, विजय बलूनी, सुरेश नेगी, प्रेम सिंह नेगी, मनोज नौटियाल, मनीष नेगी, राजेश पान्थरी, धर्मानन्द भट्ट, प्रभात डण्डरियाल, आशीष नेगी, मंजूर अहमद वेग, राजेश शर्मा, इच्छा भण्डारी, उपेन्द्र प्रसाद, बिन्दु सेमवाल, लक्ष्मी रावत, सतेस्वरी देवी, चन्द्र किरन, कमला राणा, प्रांजल नौटियाल , राजेन्द्र पन्त, आमोद पेन्युली, सरोजनी थपलियाल आदि मौजूद रहे।
अब बर्फबारी में भी आपातकालीन एंबुलेंस देगी सेवा, सरकार ने दी ये सुविधा
देहरादून, उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है। बर्फ से सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई है। जिले में कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां बर्फबारी होती है। ऐसे में इन क्षेत्रों में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा को बहाल रखना बड़ी चुनौती बन जाता है। बर्फवारी के दौरान भी मरीजों तक एंबुलेंस सेवा निर्बाध रह सके, इसके लिए संबंधित वाहनों में स्नो चेन लगाने की व्यवस्था की गई थी। अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बर्फबारी संभावित क्षेत्रों में तैनात 12 एंबुलेंस की सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दी है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामजी शरण शर्मा के मुताबिक शीतकाल के मद्देनजर जिलाधिकारी की बैठक में बर्फबारी से प्रभावित रहने वाले मार्गों पर एंबुलेंस सेवा को बहाल रखने के निर्देश दिए थे। इस क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से बर्फबारी संभावित क्षेत्रों में तैनात एंबुलेंस की सूची मांगी गई थी। ताकि सभी को समय पर स्नो चेन मुहैया कराई जा सके। अब सीएमओ की ओर से भेजी गई सूची में चकराता, त्यूणी, मसूरी, कोटी कानासर, क्वांसी, कोल्हूखेत, सहिया में तैनात 12 एंबुलेंस के लिए स्नो चेन की मांग की गई है। अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा के मुताबिक सभी एंबुलेंस को स्नो चेन से लैस करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
इनमें लगी खास सुविधा :
सा.सवा. केंद्र चकराता – टाटा विंगरसा
सवा. केंद्र त्यूणी – टाटा विंगरसा
सवा. केंद्र सहिया – क्रूजर फोर्स
उप जिला चिकित्सालय मसूरी- ईको मारुति
उप जिला चिकित्सालय मसूरी – बोलेरो
इन सबके अलावा 108 एंबुलेंस सेवा चकराता, त्यूणी, कोटी कनासर, क्वांसी, सहिया, मसूरी, कोल्हूखेत में भी है। आम जनता के लिए कठिन समय में भी कार्य करते रहे हैं।
मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल : कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
देहरादून, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को राजपुर रोड़ स्थित मंथन सभागार में मसूरी में आयोजित होने वाले “मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल” से जुड़े कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। बैठक में मंत्री जोशी ने विन्टरलाईन कार्निवाल को भव्य रूप देने तथा आयोजन से जुड़े अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री गणेश जोशी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा विन्टरलाईन कार्निवाल के दौरान मॉल रोड़ में सभी प्रकार के वाहनों को प्रतिबंधित किया जाए ताकि पर्यटकों की किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री ने 27 से 30 दिसम्बर तक मसूरी में आयोजित किये जाने वाले “मसूरी विन्टर लाईन कार्निवाल” को भव्य रूप में आयोजित करने की श्रृंखला में शोभा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही एडवेंचर खेल, प्रतियोगिताएं, गोष्ठिया एवं सांस्कृतिक, पारम्परिक कार्यक्रमों के साथ ही फूड फेस्टिवल में पहाड़ी व्यंजन के साथ ही साहसिक खेल, मोटर बाईक रेली, कबड्डी, मैराथन, नेचरवॉक, स्टार गेजिंग, हिस्ट्रीवॉक, विन्टेज रैली आदि गतिविधि के आयोजन के संबंध में विस्तार से चर्चा कर सभी पहलुओं को देखते हुए रूपरेखा तैयार कर कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा मसूरी में 27 से 30 दिसम्बर तक चार दिवसीय विंटर लाइन कार्निवाल का आयोजन किया जायेगा। मंत्री ने कहा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पहाड़ो की रानी मसूरी में आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसपर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पार्किंग, यातायात प्रबंध, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल एवं विद्युत की उपलब्धता, बढ़ती ठंड के चलते अलाव व्यवस्था एवं सफाई से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के अधिकारियों को निर्देशित किया। मंत्री गणेश जोशी ने कहा चार दिवसीय कार्निवाल में स्थानीय कलाकार, प्रदेश की संस्कृति और कला से रूबरू के साथ विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम भी आयोजित कराए जायेंगे, जिसमे स्थानीय सांस्कृतिक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कार्निवाल में फूड फेस्टिवल का भी आयोजन कराया जाएगा। जिसमे इस बार विंटर कार्निवाल में मिलेट्स (श्री अन्न) मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। जिसमे पहाड़ी व्यंजनों के साथ साथ मिलेट्स के व्यंजन तथा उससे बने उत्पाद भी फूड फेस्टिवल में लगाए जायेंगे। जिसके माध्यम से मिलेट्स का प्रचार प्रसार भी होगा। मंत्री गणेश जोशी ने कहा विंटर लाइन कार्निवाल पहाड़ की संस्कृति की झलक और स्थानीय उत्पादों का फेस्टिवल में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाए। इसके अलावा मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्यटकों को प्रदेश की संस्कृति और खानपान से रूबरू कराया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, जिला प्रशासन के अधिकारीगण एवं कार्निवाल समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सिलक्यारा सुरंग का निर्माण कार्य 38 दिन बाद फिर से हुआ शुरू
देहरादून, उत्तरकाशी में 41 मजूदरों के फंसने के 38 दिन बाद सिलक्यारा सुरंग का निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो गया है। कंपनी पहले बड़कोट सिरे से काम कर रही है। जांच होने के बाद सिलक्यारा सिरे से भी सुरंग निर्माण शुरू किया जाएगा। केवल 480 मीटर सुरंग बची हुई है। उधर, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की कैबिनेट ने ऑपरेशन सिलक्यारा की सफलता पर बधाई प्रस्ताव पास किया है, जिसके मिनट्स केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने जारी किए हैं। चारधाम ऑलवेदर परियोजना के तहत यमुनोत्री मार्ग पर बन रही सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग में 12 नवंबर की सुबह मलबा गिरने की वजह से 41 मजूदर फंस गए थे।17 दिन लंबे बचाव अभियान के बाद मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन तब से ही सुरंग के निर्माण का काम बंद पड़ा है। मंत्रालय की ओर से गठित विशेषज्ञ जांच समिति ने सिलक्यारा हादसे की जांच शुरू कर दी है। 4.531 किमी लंबी सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग का अब केवल 480 मीटर हिस्सा बचा हुआ है। इस हिस्से के निर्माण के लिए नवयुगा कंपनी ने बड़कोट सिरे से काम शुरू कर दिया है। जांच पूरी होने के बाद सिलक्यारा की ओर वाले सिरे से भी काम शुरू किया जाएगा। बताया जा रहा कि सुरंग का निर्माण नए साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ट्रैफिक व्यवस्था में बेहतरी के लिए उपनल के जरिये कर्मियों की संख्या बढ़ाएंगे : डीजीपी
-आवासीय व व्यावसायिक कॉम्पलेक्स के बाहर वाहन खड़े नहीं होंगे
-थानों में खड़े वाहनों के लिए जमीन तलाशेगा पुलिस विभाग
-यातायात एवं सड़क सुरक्षा पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित संगोष्ठी दोपहिया वाहन खरीदने पर दिया बल
देहरादून, पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने कहा कि शहरों में पीक ऑवर्स में पुलिस की मौजूदगी रहे। आवासीय व व्यावसायिक कॉम्पलेक्स के बाहर वाहन पार्किंग न होने दी जाये। इसके अतिरिक्त चारों बड़े जनपदों में कुछ एकड़ भूमि चयनित की जाये जहां पर थानों में खड़े लावारिस व मुकदमे से सम्बन्धित वाहन एक साथ खड़े किये जा सके । ताकि थानों में जगह खाली हो एवं उनकी सुन्दरता भी प्रभावित न हो। मंगलवार को राज्य में यातायात एवं सड़क सुरक्षा पर आयोजित संगोष्ठी में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि यातायात एवं सड़क सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में है। इसमें मानव संसाधन की कमी को पूरा करने के लिए उपनल के माध्यम से जनशक्ति बढ़ाएंगे। और शासन से होमगार्ड एवं पीआरडी के जवानों की मॉग की जाये।
संगोष्ठी में अमित सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन, वी मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस दूरसंचार, एपी अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, मुख्तार मोहसिन, निदेशक यातायात एवं सर्वेश पंवार, पुलिस अधीक्षक यातायात भी मौजूद रहे। निदेशक, यातायात ने इस सम्बन्ध में प्रस्तुतिकरण दिया गया तथा राज्य में यातायात पुलिस की जनशक्ति, साजो सामान एवं उपकरणों की वर्तमान स्थिति प्रस्तुत करते हुए यातायात व सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित समस्याओं एवं चुनौतियों पर प्रकाश डाला गया। एपी अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था के द्वारा बताया गया कि सिटी पेट्रोल यूनिट में नियुक्त कर्मियों को भी यातायात पुलिस के अन्तर्गत ही माना जायेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य में पंजीकृत वाहनों की कुल संख्या लगभग 33 लाख है। जिसके अनुपात में जनशक्ति काफी कम है। पुलिस महानिदेशक द्वारा इसका ऑडिट भी कराये जाने के निर्देश दिये गये। निदेशक यातायात द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में राज्य में कुल 28 इण्टरसेप्टर वाहन मौजूद हैं। भविष्य में ट्रैफिक ड्यूटी हेतु सभी दोपहिया वाहन हैवी ड्यूटी के खरीदे जायें जिनकी क्षमता 400-500 सीसी की हो। जिस जनपद में सड़क दुर्घटनाएं अधिक है वहॉ पर संसाधन एवं जनशक्ति को बढ़ाया जाये । ब्लैक स्पॉट को भी चिन्हित किया जाये साथ ही इनका डाटा तैयार कर विश्लेषण किया जाये। ताकि ऐसे स्थानों की पहचान हो सके एवं दुर्घटनाओं को रोका जा सके।