रुद्रप्रयाग-महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण अभियान के तहत जनपद में एक सितम्बर से तीस सितम्बर तक चलने वाले पोषण माह के तहत आंगनबाडी केन्द्रो में ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं, किशोरी बालिकाओं एँव शिशुओं को स्वास्थ, पोषण सम्बन्धी अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी के तहत उखीमठ परियोजना के अन्तर्गत भीमचूला केन्द्र में, किशोरियों, महिलाओं व बच्चो को स्वास्थ व पोषण सम्बन्धी अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये। जिसमें किशोरियों की जांच की गयी व उनको स्वास्थ्य संबधित जानकारी दी गयी।
स्टाफ नर्स गुप्तकाशी पूनम व जीएनएम रष्मि रावत द्वारा अनेक प्रकार के न्यूट्रीशियन को आहार में शामिल करने हेतु जागरूक किया गया साथ ही पीरियड्स के दौरान होने वाले अनेक परिवर्तन व साफ सफाई हेतु सावधानी बरतने के विषय में अवगत कराया गया। उपासना सेमवाल द्वारा महिलाओं व गर्भवती धात्री माताओँ को स्तन पान, टीकाकरण, वजन, संतुलित आहार, एवं कुपोषण के विषय में जागरूक कराया गया। इस दौरान मोटे अनाज के पोष्टिक महत्व को भी लाभार्धियों को बताया गया।
पोषण अभियान के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों में किशोरियों एवं महिलाओं को दी गयी स्वास्थ्य व पोषण सम्बन्धित जानकारियाँ
तल्लानागपुर में समाजसेवी कुलदीप रावत का भब्य स्वागत, जनसंवाद कार्यक्रम में जुटी भारी भीड़
” जनसंवाद कार्यक्रम में छैत्र के अपेक्षित विकास न होने से वरिष्ठ भाजपा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत ने दुःख जताया। जनता को सम्बोधित करते हुये उन्होने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता व धार्मिक महत्व के चलते यहाँ पर्यटन व तीर्थाटन की अपार संभावनाएँ है। लेकिन आज भी क्षेत्र में समस्याओं का अम्बार लगा है। छैत्र विकास से कोसों दूर है उन्होने तल्ला नागपुर क्षेत्र में फैली हर समस्या के निराकरण के लिए सामूहिक पहल किये जाने की बात कही”।
रुद्रप्रयाग- जाने माने समाजसेवी वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप रावत के समर्थन में आज तल्लानागपुर के चोपता में छैत्रीय जनता व जनप्रतिनिधियों द्वारा जनसमर्थन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी उपस्थित रहे। इस दौरान छैत्र के विकास व छैत्रीय समस्याओं के निराकरण को एकजुट होने की बात वक्ताओं ने मंच से की।
आज तल्लानागपुर छैत्र के चोपता स्थित चांदधार मेला मैदान में वर्षों से जन सेवा में लगे कुलदीप रावत के समर्थन में छैत्रीय जनता द्वारा जन समर्थन कार्यक्रम आयोजित किया गया। तल्ला नागपुर आगमन पर क्षेत्रीय जनता , जनप्रतिनिधियों एँव छैत्र के विभिन्न गांवों की महिला मंगल दलों व ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की।
जन समर्थन कार्यक्रम में तल्ला नागपुर क्षेत्र में फैली विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गयी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश व प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों के लिए निशुल्क खाद्यान्न योजना शुरू की आज पूरे भारत में 80 करोड़ गरीब लोगों को खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नकल विरोधी कानून लागू किया गया है जिसका लाभ प्रदेश के युवाओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग – चोपता – पोखरी मोटर मार्ग विस्तारीकरण, चांदधार में मिनी स्टेडियम, स्वांरी –ग्वास – कार्तिक स्वामी मोटर मार्ग सहित तल्ला नागपुर क्षेत्र में फैली समस्याएं के निराकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 15 दिनों में विधिवत घोषणा की जायेगी।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन्त तिवारी ने कहा कि तल्ला नागपुर क्षेत्र में तीर्थाटन व पर्यटन की अपार सम्भावनाये है इसलिए कार्तिक स्वामी पर्यटन सर्किट से जुड़ना आवश्यक है।
वरिष्ठ भाजपा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत ने कहा कि तल्ला नागपुर क्षेत्र में प्राकृतिक सुंदरता व धार्मिक महत्व के चलते यहाँ पर्यटन व तीर्थाटन की अपार संभावनाएँ है। मगर क्षेत्र में समस्याओं का अम्बार लगने से क्षेत्र विकास से कोसों दूर है इसलिए तल्ला नागपुर क्षेत्र में फैली हर समस्या के निराकरण के लिए सामूहिक पहल होनी चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार ने कहा कि तल्ला नागपुर क्षेत्र में फैली हर समस्या के निराकरण के लिए सामूहिक पहल की जायेगी।
जन संवाद कार्यक्रम को जिपस सुनीता बर्त्वाल, उमेन्द्र रमोला, हरेन्द्र राणा, मानवेन्द्र बर्त्वाल, ललित राणा, रोशनी देवी ने भी सम्बोधित किया। जन संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान कुण्डा दानकोट जीतराज व संचालन दलेब सिंह राणा ने किया। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, अजय सेमवाल, भाजपा मण्डल अध्यक्ष त्रिलोचन भटट्, विमल बिष्ट, आशीष पुरोहित, अरविन्द चमोला, मगन सिंह नेगी, बृजमोहन नेगी, दलवीर राणा, भगत सिंह बर्त्वाल, उमेद गुसाईं, भागमल नेगी, सुनील सेमवाल, अनीता रावत लक्ष्मण बर्त्वाल, शान्ति चमोला, लवीश राणा, अवधेश रावत, बीरेन्द्र बिष्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि व भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
नौकरियों में चयन प्रक्रिया का समय कम से कम किया जाएगा: सीएम
– सीएम धामी की वर्चुअल मौजूदगी में 1094 कनिष्ठ अभियन्ताओं को प्रदान किये गये नियुक्ति पत्र।
– धामी सरकार में पिछले तीन सालों में सरकारी सेवाओं में प्रदान की गई 17 हजार से अधिक नौकरियां।
देहरादून(आरएनएस)। नींबूवाला स्थित संस्कृति विभाग के ऑडीटोरियम में सीएम पुष्कर सिंह धामी की वर्चुअल मौजूदगी में काबीना मंत्री सतपाल महाराज और प्रेमचंद अग्रवाल ने चयनित अभ्यथियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर सीएम ने कहा कि राज्य के सरकारी विभाग में रिक्त सभी पदों पर भर्तियों के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की वर्चुअल उपस्थिति में उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य कनिष्ठ अभियन्ता सेवा परीक्षा, 2023 के अन्तर्गत विभिन्न विभागों में चयनित 1094 कनिष्ठ अभियन्ताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। नींबूवाला, गढ़ी कैण्ट स्थित संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचन्द अग्रवाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल एवं विधायक सविता कपूर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कनिष्ठ अभियन्ता पद के लिए चयनित हुए अभ्यर्थियों से वर्चुअल संवाद भी किया। योगेश कड़ाकोटी ने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता आयी है। यह भर्ती प्रक्रिया काफी कम समय में पूर्ण हुई है। उन्होंने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को संदेश दिया कि कड़ी मेहनत और खुद पर विश्वास रखें। राज्य सरकार द्वारा जिस तेजी से भर्ती प्रक्रियाएं पूर्ण की जा रही हैं, इससे युवाओं में नई आशा जगी है। संदीप उनियाल ने कहा कि उन्होंने 2014 में डिप्लोमा किया था और वे 2019 से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद और भर्ती परीक्षाओं में तेजी आने से युवाओं का सरकारी नौकरियों के प्रति रूझान और बढ़ा है। रूड़की की महजबी ने कहा कि यह पूरी भर्ती प्रक्रिया एक साल से कम समय में पूरी हुई, अभी जिस तेजी से राज्य में भर्तियां आ रही हैं, सभी लोग तैयारी करने के लिए उत्साहित हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चयनित सभी कनिष्ठ अभियन्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आज आपके जीवन का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। अपने माता-पिता गुरूओं और ईश्वर की कृपा से सभी को देवभूमि उत्तराखण्ड में सेवा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आज जिन 1094 अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली है, इनसे विभागों को और मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि ज्ञान, विज्ञान और तकनीक का जिस तेजी से विस्तार हो रहा है, उस हिसाब से नियमित अपडेट रहें। उन्होंने कहा कि सभी पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, इसके लिए कार्यक्षेत्र में नियमित दिनचर्या बनाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पिछले तीन सालों में राज्य में सरकारी विभागों में 17 हजार से अधिक नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि 04 जुलाई 2021 को शपथ लेने के बाद पहली कैबिनेट में हमने निर्णय लिया कि राज्य के सभी रिक्त पदों पर भर्ती की जायेगी। अभी अनेक भर्ती परीक्षाएं गतिमान हैं। राज्य में भर्ती परीक्षाओं के अधियाचन से नियुक्ति पत्र प्रदान करने तक की पूरी समयावधि को कम किया गया है। पूरे साल के लिए भर्ती परीक्षाओं के लिए कलेण्डर बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने राज्य में नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद से सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई है। आज योग्य युवा हर भर्ती परीक्षा में सफल हो रहे हैं। नकल विरोधी कानून में सख्त सजा के प्राविधान किये गये हैं। इसमें उम्रकैद और सारी सम्पति जब्त करने तक का प्राविधान किया गया है। राज्य में नकल को जड़ से समाप्त करने के लिए नकल माफियाओं पर सरकार द्वारा सख्त कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नया वर्क कल्चर शुरू हुआ है। उत्तराखण्ड में भी राज्य सरकार द्वारा नया वर्क कल्चर लाने की दिशा में लगातार कार्य किये जा रहे हैं। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों के इंडिकेटर में राज्य को देश में प्रथम स्थान मिला है। उत्तराखण्ड देश में सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्यों की श्रेणी में दूसरे स्थान पर है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य में 1094 नये कनिष्ठ अभियंताओं की नियुक्ति होने से कार्यों में और तेजी आयेगी। उन्होंने कहा कि सेवा के दौरान अनेक लोगों से मिलने का मौका मिलेगा, उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी चयनित अभ्यर्थी बड़ी सकुशलता से जन समस्याओं का समाधान करेंगे और उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि नये कनिष्ठ अभियंताओं के आने से प्रदेश के विकास और आवश्यकता के लिए एक कड़ी और जुड़ गई है। उन्होंने कहा कि शहरी विकास और आवास विभाग में कनिष्ठ अभियंताओं की बड़ी कमी थी। नये कनिष्ठ अभियंताओं के आने से कार्यों में तेजी आयेगी। अब विकास कार्यों को गति मिलेगी।
आज जिन 1094 कनिष्ठ अभियन्ताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये उनमें लोक निर्माण विभाग में 252, ग्रामीण निर्माण विभाग में 201, सिंचाई विभाग में 137, लघु सिंचाई विभाग में 46, पंचायती राज विभाग में 41, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जलसंस्थान में 91, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, पेयजल निगम में 50, आवास विभाग में 134, शहरी विकास विभाग में 32, पॉवर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड में 5, उत्तराखंड जल विद्युत लिमिटेड में 49, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में 37, उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण(उरेडा) में 10, ऊर्जा विकास में 9 पद शामिल है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव डॉ. रंजीत सिन्हा, एस.एन.पाण्डेय, डॉ. आर.राजेश कुमार, अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान, रंजना राजगुरू, अतर सिंह, विनीत कुमार, निदेशक शहरी विकास नितिन भदौरिया एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
उत्कृष्ट कार्यों से विकसित राज्य के सपने को करें साकार: महाराज
देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य कनिष्ठ अभियन्ता सेवा परीक्षा, 2023 के अंतर्गत विभिन्न विभागों हेतु चयनित कनिष्ठ अभियन्ताओं को एक समारोह के अन्तर्गत कुल 1094 नियुक्ति पत्र वितरण किये गये। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बतौर मुख्य अतिथि वर्चुअल उपस्थिति में शुक्रवार को नींबू वाला, गढ़ीकैंट स्थित संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान समारोह के विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के द्वारा लोक निर्माण विभाग के 252, ग्रामीण निर्माण विभाग के 201, सिंचाई विभाग के 137, लघु सिंचाई विभाग के 46, पंचायती राज विभाग के 41, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग एवं जल संस्थान के 79, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, पेयजल निगम के 52, आवास विभाग के 134, शहरी विकास विभाग के 32, पावर ट्रांसमिशन, कार्पारेशन ऑफ उत्तराखण्ड लि0 के 5, उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड के 49, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के 37, उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के 10 और ऊर्जा विभाग के 09 नवनियुक्त कनिष्ठ अभियन्ताओं सहित कुल 1094 को नियुक्ति पत्र वितरण किये गये।
समारोह के दौरान नवनियुक्त कनिष्ठ अभियन्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, लघु सिंचाई, पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सभी विभाग राज्य के विकास में अपना महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। लोक निर्माण विभाग जहां सड़कों एवं सेतुओं के निर्माण से बेहतर कनेक्टिविटी देने का काम कर रहा है वहीं अन्य सभी विभाग भी विकास के लक्ष्यों को साधने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कनिष्ठ अभियन्ताओं की नियुक्ति से न केवल युवाओं के करियर को एक नई दिशा मिलेगी बल्कि इससे विभिन्न विभागों को भी उत्कृष्ट मानव संसाधनों का लाभ मिल सकेगा।
कैबिनेट मंत्री श्री महाराज ने कहा कि नव नियुक्त अभियन्ताओं की ऊर्जा, उत्साह एवं कौशल से हम और अधिक सकारात्मक परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। इनका योगदान विभागों की क्षमता को और अधिक मजबूत बनायेगा। उन्होंने नव नियुक्त अभियन्ताओं से कहा कि सभी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल, विधायक श्रीमती सविता कपूर, अपर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, सचिव रंजीत सिन्हा, सचिव सिंचाई राजेश कुमार, नितिन भदोरिया, सचिव एस.एन.पाण्डेय आदि उपस्थित थे।
नाबालिग के साथ दुष्कर्म व जान मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
चमोली, नाबालिक के साथ दुष्कर्म व उसको जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार बीती 18 सितंबर को एक व्यक्ति द्वारा कोतवाली चमोली पर आकर सूचना दी गई थीं कि उसकी नाबालिग पुत्री उम्र 15 वर्ष के साथ विनय पुत्र सन्तू लाल निवासी ग्राम मजोठी चमोली उम्र 20 वर्ष ने जून माह में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया है व किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गयी है । तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। भले ही आरोपी छिपने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की तत्परता और संयम ने उसे पकड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी व बीती शाम आरोपी विनय को कोठियालसैंण से गिरफ्तार किया गया। पीड़िता के बयानों के आधार पर मुकदमे में धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की गई। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
कांग्रेस ने अपमानजनक बयानबाजी करने वाले भाजपा नेताओं के विरुद्ध एफआईआर की दर्ज
देहरादून, भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी के विरुद्ध अपमानजनक और हिंसक बयानबाजी के विरोध में महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कोतवाली में बयानबाजी करने वाले नेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की।
गोगी ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा स्वतः कार्रवाई करनी चाहिए थी। यह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा को सीधा-सीधा खतरा है। भाजपा के नेताओं की अपने शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर राहुल गांधी के खिलाफ ऐसी अनर्गल और अपमानजनक बातें करना सामान्य बात हो गई है। केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू और उत्तर प्रदेश के एक मंत्री रघुराज सिंह द्वारा हाल में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी को आतंकवादी और देश का दुश्मन बताया गया। अब भाजपा के सहयोगी महाराष्ट्र के शिवसेना के बागी विधायक संजय गायकवाड़ ने राहुल गांधी की जीभ काटने पर 11 लाख के इनाम की बात की है। यह भाजपा की कुत्सित और हिंसक मानसिकता को उजागर करता है। ये लोग भारत के नेता प्रतिपक्ष जैसे गरिमापूर्ण पद पर आसीन नेता के लिए अपमानजनक और हिंसक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। भाजपा नेताओं की इन सब बयानबाजियों पर भाजपा सरकार ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है जिससे जाहिर होता है कि ये भाजपा नेता अपने शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। गोगी ने कहा कि भाजपा नेताओं के इस तरह के बयान भाजपा कैडर को हिंसा के लिए सीधे सीधे उकसावा है।
अब देश की जनता के सामने ये साफ है कि मोदी और अमित शाह का घृणा की राजनीति और और हिंसा में विश्वास करते हैं। लोकतंत्र में भाजपा के वर्तमान नेतृत्व का कोई भरोसा नहीं है। जनता समझ गई है कि ये लोग तभी तक केवल दिखावे के लिए लोकतंत्र और संविधान की बात करते हैं और मौका मिलने पर इसे खत्म भी करना चाहते हैं।
इस अवसर पर सावित्री थापा,मोहन कला , सुलेमान अली, आलोक मेहता,सूरज छेत्री,सज्जद आंसारी,गौरव शर्मा, लता सिंह,फ़रमान अली,मंजु देवी, अमनदीप सिंह , सत्येन्द्र पवार आदि उपस्थित थे।
पितृपक्ष में दिवंगत कलाकारों की याद में आयोजित होगा श्रद्धा-सम्मान कार्यक्रम
देहरादून (दीपिका गौड़), पितृ पक्ष में उत्तराखंड़ के दिवंगत लोक कलाकारों को याद किया जायेगा, यह बीड़ा उठाया है ‘आवाज सुनो पहाड़ों की’ संस्था ने, स्थानीय प्रेस क्लब में संंस्था के संयोजक नरेन्द्र रौथाण ने पत्रकारों से रूबरू होते हुये कहा कि विश्व पटल पर हमारे कलाकारों ने सदैव ही उत्तराखण्ड का नाम गर्व से ऊंचा किया है, रौथाण ने कहा कि जीवन भर संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया है और कर भी रहे हैं। किन्तु उनमें से बहुत सारे कलाकार अब हमारे बीच नहीं रहे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन संस्कृति के लिए समर्पित कर दिया, इसीलिए हम विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी पितृपक्ष में आवाज सुनो पहाड़ों की कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें शांतिपाठ के माध्यम से श्रद्धाजंलि दी जायेगी l
आईआरडीटी ऑडिटोरियम सर्वे चौक रविवार 22 सितम्बर को आयोजित कार्यक्रम में दिवंगत कलाकारों की याद में एक श्रद्धा-सम्मान का आयोजन किया जा रह है, संस्था के संयोजक नरेन्द्र रौथाण ने इन महान कलाकारों को श्रद्धांजलि देने हेतु आम जनमानस के साथ-साथ सभी विधाओं के समस्त कलाकार पहुंच कर अपनी गरिमामय उपस्थिति से दर्ज कराने की अपील की है।
पत्रकारों से मुखातिब होते हुये नंदलाल भारती ने कहा कि उत्तराखंड़ की संस्कृति को जिंदा रखने के लिए लोक कलाकार लंबे वक्त से काम कर रहे हैं, संस्कृति को जिंदा रखने वाले लोक कलाकार आज भी जिंदा माने जाते हैं, चन्द्र सिंह राही, गोपाल बाबू गोस्वामी, मिनी उनियाल, प्रह्लाद मेहरा जैसे बड़े दिग्गजों को भी अपने बुजुर्गों की तरह पृितपक्ष में याद किया जाएगा, दिवंगत कलाकारों को याद करने के लिए श्रद्धा सम्मान के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए पूजा अर्चना की जाएगी l
वहीं इस कार्यक्रम में उत्तराखण्ड फिल्म नीति, शिक्षा, साहित्य, कला, कलाकार, संगीत, फिल्म, उद्योग, महत्वपूर्ण लघुउद्योग, स्वरोजगार, कृषि, बागवानी, खान-पान, रीति-रिवाज आदि सभी मूलभूत विषयों पर भी चर्चा परिचर्चा भी की जायेगी, जिसमें उत्तराखण्ड़ फिल्म नीति में कलाकारों भूमिका और संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन के लिये आम जनमानस के लिए किस कल्याणकारी होगी उस पर भी सार्थक मंथन भी होगा। कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, सतपाल महाराज सहित विधायकगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समस्त कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के आयोजन में शारदा स्वर संगम संस्था भी सकारात्मक सहयोग प्रदान कर रही है l
इस मौके पर श्री बलबीर सिंह पंवार, अनुसूया प्रसाद उनियाल, नन्दलाल भारती, संजय कुमोला, आनन्द सिंह रावत, शूरवीर सिंह मठूडा, आरती बडोला, पूजा चौहान, अमित आदि मौजूद थे।
उत्तराखण्ड़ प्रीमियर लीग के फाइनल में अब लोक कलाकारों का होगा कार्यक्रम
“मूल निवास संघर्ष समिति की चेतावनी के बाद दबाव में आया क्रिकेट एसोसिएशन”
देहरादून (हर्षित रावत), उत्तराखण्ड़ प्रीमियर लीग में लोक कलाकारों के न बुलाने से आक्रोशित मूल निवास भू कानून समन्वय संघर्ष समिति की चेतावनी के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड हरकत में आ गया है । अब 22 सितम्बर को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में फाइनल मैच से पहले गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी और पाण्डवाज़ ग्रुप का कार्य्रकम आयोजित होगा ।
मूल निवास भू कानून समन्वय सँघर्ष समिति के सह संयोजक लूशुन टोडरिया ने कहा है कि मूल निवास, भू-कानून समन्वय संघर्ष समिति का संघर्ष रंग लाया है। दो दिन पहले संघर्ष समिति के संयोजक मोहित डिमरी के नेतृत्व में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के कार्यालय में गए थे। हमने स्पष्ट कहा था कि लोक कलाकारों को समापन कार्यक्रम में निमंत्रण नहीं दिया गया तो फाइनल मुकाबले के दौरान स्टेडियम में प्रदर्शन करेंगे।
लुशुन ने बताया कि हमें क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड़ द्वारा सूचित किया गया है कि उत्तराखंड प्रीमियर लीग के समापन समारोह में उत्तराखंड के लोक कलाकारों पाण्डवाज़ ग्रुप और उत्तराखंड की संस्कृति के ध्वजवाहक श्री नरेंद्र सिंह नेगी जी को सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु आमंत्रित कर दिया गया है ।
टोडरिया ने कहा कि संघर्ष समिति क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम को स्थगित करती है। संघर्ष समिति उत्तराखंड़ के लोक, संस्कृति, जल, जंगल,जमीन को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है । आगे भी ऐसे आयोजनों का संघर्ष समिति विश्लेषण करेगी और अगर लोक कलाकारों की उपेक्षा होगी तो उसको किसी भी हाल में बर्दाश्त नही किया जाएगा ।
टोडरिया ने पहाड़ी स्वाभिमान सेना संगठन और देवभूमि युवा संगठन का भी इस मुद्दे पर समर्थन के लिए आभार जताया ।
सहायक अभियन्ता दस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार
हल्द्वानी, विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई की है सहायक अभियन्ता दुर्गेश पन्त, लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी, जनपद नैनीतील, को दस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता ठेकेदार द्वारा सतर्कता अधिष्ठान पर शिकायत अंकित करायी गयी कि, उसके द्वारा विद्युत यांत्रिकी खंड, सार्वजनिक निर्माण विभाग, भीमताल में कोटेशन कार्यदेश के आधार पर ₹300000 का कार्य माननीय उच्च न्यायालय आवासीय परिसर में किया गया था। जिसकी भुगतान के एवज में सहायक अभियंता दुर्गेश पंत, को आज दिनाक 20/9/24 को ₹10000 (दस हजार रूपये) की रिश्वत लेते हुए हल्द्वानी तिकोनिया, स्थित अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग हल्द्वानी, के कार्यालय परिसर से, सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी की गिरफ्तारी उपरान्त सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम द्वारा अभियुक्त के आवास की तलाशी व अन्य स्थानों पर चल अचल सम्पत्ति के सम्बन्ध में पूछताँछ जारी है।
निदेशक सतर्कता डॉ० वी० मुरूगेसन, द्वारा ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गयी।
आरक्षण पर देश को गुमराह कर रहे हैं राहुल गांधी-डा.कल्पना सैनी
हरिद्वार (कुलभूषण शर्मा ) भाजपा की राज्यसभा सांसद डा.कल्पना सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने अनेकों बार संविधान को तोड़ने मरोड़ने का काम किया है। अब लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी अपनी मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। वे विदेेशों में जाकर देश की छवि बिगाड़ने के साथ आरक्षण समाप्त करने की बात कर रहे हैं। जबकि लोकसभा चुनाव के समय वे संविधान और आरक्षण के मुद्दे को लेकर उतरे थे।
शुक्रवार को प्रेसक्लब में पत्रकार वार्ता करते हुए राज्यसभा सांसद डा.कल्पना सैनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी मंडल कमीशन बनाकर कुछ नहीं किया। जब 1990 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे तो उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा मंडल कमीशन और आरक्षण को लागू करने का पुरजोर विरोध किया। अब राहुल गांधी देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। अमेरिका में दिए गए बयान से ओबीसी समाज के लिए उनकी मानसिकता सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता की भूमिका विशेष होती है। उन्हें देश की सुरक्षा, वित्त, विदेशी मामलों के साथ समूचे देश के विकास के लिए अपना योगदान देना होता है। लेकिन राहुल गांधी बिल्कुल गंभीर नहीं है। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरि और जिलाध्यक्ष डा.प्रदीप चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने केवल एक विशेष वर्ग के हित में काम किया है। जबकि अब वे सत्ता से दूर है तो है आरक्षण जैसी व्यवस्था को केवल चुनाव में हथियार के रूप में इस्तेमाल करने के बाद अब विरोध कर रहे है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं की असलियत जनता के सामने लाने का काम किया जाएगा।
राहुल गांधी का पुतला फूंककर जताया विरोध
प्रेसवार्ता के बाद चंद्राचार्य चौक पर ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों ने राज्यसभा सांसद डा.कल्पना सैनी के साथ कांग्रेस एवं विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरि, जिलाध्यक्ष डा.प्रदीप चौधरी, उपाध्यक्ष रवि कश्यप, प्रमोद पाल, डा.प्रेम प्रकाश सतलेवाल, मुकेश पुरी, सर्वेश प्रजापति, लक्ष्मण कटारिया, ऋषभ सैनी, सचिन सैनी, दीपांकर सैनी, अजय राजपूत, सुधीर ठाकुर, आशीष चौधरी, महक सिंह, भूपेंद्र ठाकुर, संजय वर्मा, मोहित वर्मा, लव कपूर, वाशु चौधरी, ऋषभ चौधरी, बबीता, राजबीर कश्यप, रविंद्र चौधरी, सुंदर कश्यप, नाथीराम कश्यप, सुधीर चौधरी, अजय मलिक, अंकित, राहुल, विरेंद्र आदि शामिल रहे।
बीएचईएल में योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ
हरिद्वार (कुलभूषण शर्मा ), योग मंडल, बीएचईएल हरिद्वार के तत्वावधान में, आज 44वें योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, उपनगरी स्थित इंटरनेशनल क्लब में किया गया । शिविर का उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, महाप्रबंधक एवं प्रमुख (सीएफएफपी) श्री रंजन कुमार, ‘द डिवाइन लाइफ सोसाइटी’ शिवानन्द आश्रम, ऋषिकेश के स्वामी धर्मनिष्ठानन्द जी तथा योग मंडल के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक (वाणिज्य, ईसीएंडपी, एसएएस, सीडीएक्स) श्री सुनील कुमार सोमानी ने, दीप प्रज्वलन द्वारा किया ।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री रंजन कुमार ने यौगिक क्रियाओं से होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला । उन्होंने कहा कि योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान, मानवीय विकारों को दूर करने में बेहद सहायक हैं । अपने स्वागत सम्बोधन में श्री सुनील कुमार सोमानी ने स्वामी धर्मनिष्ठानन्द जी एवं ‘द डिवाइन लाइफ सोसाइटी’ का आभार व्यक्त किया । योग मंडल के सचिव एवं वरिष्ठ प्रबंधक (डब्ल्यूईएवंएस) श्री शिव प्रकाश ने, प्रशिक्षण शिविर के आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी ।
उल्लेखनीय है कि 20 से 28 सितम्बर तक, स्वामी धर्मनिष्ठानन्द जी के कुशल निर्देशन में चलने वाले इस शिविर में, प्रतिदिन दो कक्षाएं आयोजित की जाएंगी । प्रात: कालीन कक्षा सामुदायिक केन्द्र, फेस-3, शिवालिक नगर में तथा सायं कालीन कक्षा केन्द्रीय विद्यालय में आयोजित की जायेगी । जबकि अंतिम दिन, 29 सितम्बर को दिल्ली पब्लिक स्कूल में शंख प्रक्षालन, कुंजल एवं नेति आदि यौगिक क्रियाओं का अभ्यास कराया जाएगा ।
इस अवसर पर बीएचईएल के अन्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन तथा योग मंडल के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे ।
अध्यात्म से ही मानव का ह्रदय परिवर्तित हो सकता है – सतपाल महाराज
हरिद्वार (कुलभूषण शर्मा )। रानीपुर स्थित दशहरा मैदान बी.एच.ई.एल., सेक्टर 4 में आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज के जन्मोत्सव पर श्री प्रेमनगर आश्रम द्वारा आयोजित सद्भावना सम्मेलन में अपार जनसमुदाय को संबोधित करते हुए महाराज जी ने कहा कि हमारा देश तो राम, कृष्ण का देश रहा है। हमारे देश में हमेशा अहिंसा की बात की गई है, शांति की बात की गई है। इसी राम कृष्ण के देश से बुद्ध, महावीर व अनेक संतों ने शांति की आवाज उठाई। वह अध्यात्मवाद की आवाज फिर से गुंजनी चाहिए, जिससे सारा भूमंडल सुख व शांति से आगे बढ़े। आज इस कलिकाल के अंदर, इस विषम परिस्थिति के अंदर एक भयानक विनाश का रोग लग गया है, इसका निदान केवल मात्र अध्यात्म ही है। अध्यात्म के द्वारा ही मानव के हृदय का परिवर्तन संभव है। जब मानव का हृदय बदलेगा तो समाज में भाईचारा, सहिष्णुता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता, सद्भावना आदि पल्लवित होगी।
श्री सतपाल जी महाराज ने आगे कहा कि आज का मानव केवल तबाही मचाने में लगा हुआ है। आज हम कितना विनाश कर सकते हैं, वह विनाश करने की क्षमता हमारी शक्ति बन गई है। जबकि शक्ति तो उसे कहा जाता है जो कुछ अच्छा कर दे, जिससे मानव समाज का भला हो, जिससे मानव का हृदय परिवर्तन हो और सद्भावना समस्त वसुधा पर फैले।
श्री महाराज जी ने कहा कि हम सभी देवभूमि की गोद में बैठकर सत्संग रूपी गंगा में गोटा लगा रहे है| गंगा हिमालय से बहती है, यह धरती की धारा नहीं थी, यह स्वर्ग की धारा थी पर भागीरथ ने तपस्या की तो स्वर्ग की धारा को धरती पर ले आया। हम भी तपस्या करेंगे, हम भी कर्म करेंगे तो हम भी स्वर्ग को धरती पर ला सकते हैं, यही गंगा का संदेश है। इसलिए गंगा की भावना को समझो, माँ गंगा से हमे प्रेरणा लेनी है और देश के विकास में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम से पूर्व महाराज , पूज्य माता श्रीअमृता जी व अन्य विभूतियों का माल्यापर्ण कर स्वागत किया गया तथा संत-महात्माओं ने अपने सार गर्भित विचार रखे। इस मौके पर देश-विदेश से सैकड़ों की संख्या में भक्तगणों ने कार्यक्रम में पहुँच कर महाराज जी के प्रवचन और दर्शनों से लाभ उठाया। भजन गायकों ने महाराज को जन्मदिन की बधाई दी। मंच संचालन महात्मा हरिसंतोषानंद जी ने किया।