नहो दिल्ली, देशभर में हाईवे पर सफर करने वाले निजी वाहन चालकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब 15 अगस्त 2025 से निजी वाहन मालिक फास्टैग आधारित वार्षिक टोल पास का लाभ उठा सकेंगे। इस पास की कीमत ₹3,000 तय की गई है और इसके तहत उपयोगकर्ता को या तो 200 टोल ट्रिप्स अथवा एक साल तक असीमित टोल एक्सेस की सुविधा मिलेगी – जो भी पहले पूरा हो जाए।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा बीते माह 18 जून को इस नई योजना की घोषणा की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य टोल कलेक्शन को डिजिटाइज करना, टोल प्लाज़ा पर लगने वाली भीड़ को कम करना और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
क्या है वार्षिक फास्टैग टोल पास…?
यह एक प्रीपेड और एकमुश्त भुगतान प्रणाली है, जो हर साल ₹3,000 में सक्रिय की जाएगी।
आप साल भर में 200 टोल क्रॉसिंग कर सकते हैं, या
12 महीनों तक असीमित टोल उपयोग (जो पहले हो, वही लागू)। क्लोज्ड-लूप टोल सिस्टम में यात्रा को एक ही क्रॉसिंग माना जाएगा, जिससे डबल चार्जिंग से बचा जा सके।
लागत में हर साल हो सकता है बदलाव :
टोल पास की कीमत 1 अप्रैल से हर साल संशोधित की जा सकती है। यह बदलाव नियम 3C और नियम 5 के अंतर्गत मुद्रास्फीति या सरकारी नीतियों के अनुसार होगा।
पास को कैसे एक्टिवेट करें :
उपयोगकर्ता MoRTH, NHAI की आधिकारिक वेबसाइट या राजमार्ग यात्रा ऐप के माध्यम से पास को एक्टिवेट या रिन्यू कर सकते हैं। इसके लिए फास्टैग आईडी और वाहन संबंधी विवरण देना होगा।
क्यों फायदेमंद है यह पास…?
-बार-बार टोल कटने की परेशानी से मुक्ति
-नियमित यात्रियों के लिए किफायती सौदा
-टोल प्लाज़ा पर वेटिंग टाइम में भारी कमी
-सफर के खर्च का बेहतर अनुमान और पारदर्शिता
-देश के हाईवे नेटवर्क पर ड्राइविंग का समग्र अनुभव बेहतर
क्या आप को लेना चाहिए ₹3,000 वाला पास?
अगर आप अक्सर हाईवे ट्रैवल करते हैं, तो यह पास आपके लिए एक स्मार्ट इन्वेस्टमेंट हो सकता है। इससे आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ भी नहीं पड़ेगा और टोल कटने की झंझट से छुटकारा भी मिलेगा।
याद रखें :
सभी संबंधित नियमों और शर्तों को पढ़ने के बाद ही पास को एक्टिवेट करें। यह सुविधा आने वाले समय में देश की सड़क परिवहन व्यवस्था को डिजिटल और सुगम बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित हो सकती है। अब देखना यह कि केन्द्र सरकार की यह योजना घरातल पर कितनी सफल होती है ।



Recent Comments