पौड़ी, पौड़ी के विकास और समृद्धि को लेकर किए जा रहे प्रयासों को नई दिशा मिली है। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने सर्किट हाउस में गढ़वाल सांसद श्री अनिल बलूनी से मुलाकात कर दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे।
मुलाकात के दौरान सांसद ने पौड़ी के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि जल्द ही यहां हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स एक्टिविटी से जुड़ा एक राष्ट्रीय स्तर का संस्थान स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। यह संस्थान देश-विदेश के खिलाड़ियों को आकर्षित करेगा और पौड़ी को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान देगा।
नमन चंदोला ने सांसद बलूनी को पौड़ी में केंद्रीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव सौंपा। इस कॉलेज के लिए लगभग 1500 से 2000 नाली भूमि की आवश्यकता बताई गई। सांसद महोदय ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि पौड़ी के लिए ऐसे संस्थान आवश्यक हैं जो युवाओं को शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा चंदोला ने एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) को शहर के मध्य तक लाने और सड़कों के चौड़ीकरण का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि यदि बाईपास को ही विकल्प बनाया गया तो पौड़ी की स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी। इस पर सांसद बलूनी ने सहमति जताते हुए कहा कि यह मुद्दा उनके संज्ञान में है और जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
चंदोला ने बताया कि उन्होंने सांसद को देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे एनएच चौड़ीकरण प्रोजेक्ट्स के उदाहरण दिए, जहाँ अतिक्रमण हटाने के बावजूद भवन स्वामियों को उचित मुआवजा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर पौड़ी में भी प्रभावित भवन स्वामियों को उचित मुआवजा दिया जाए या पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जाए तो सड़क परियोजनाओं का रास्ता आसान हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सुरंग परियोजना को लेकर भी चर्चा हुई। चंदोला ने सुझाव दिया कि यदि मुआवजा राशि बढ़ाई जाए तो 100 से 200 करोड़ रुपये के भीतर ही सभी विस्थापन मामलों का निपटारा किया जा सकता है। सांसद महोदय ने इस पर सहमति जताई और शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
नमन चंदोला ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य पौड़ी का समग्र विकास है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण पौड़ी है, उसके बाद अन्य कार्य। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी जी के नेतृत्व में पौड़ी को विकास की पटरी पर लौटाने का काम शुरू हो चुका है।”
उन्होंने यह भी कहा कि पौड़ी की जनता सांसद के साथ खड़ी है और विकास कार्यों में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने के लिए वह स्वयं प्रतिबद्ध हैं।



Recent Comments