“यह सेवा मसूरी के पशु स्वास्थ्य और जन-सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है। बेसहारा पशुओं को समय पर इलाज मिलना मानवीय दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है।” — श्रीमती मीरा सकलानी, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद मसूरी
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में बेसहारा और घायल पशुओं की सुध लेने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद मसूरी और ‘ह्यूमेन वर्ल्ड फॉर एनिमल्स’ (HWA) संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मोबाइल एनिमल क्लिनिक (MAC) सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी ने क्लिनिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस सचल चिकित्सालय (मोबाइल क्लिनिक) का मुख्य उद्देश्य शहर के विभिन्न कोनों में बीमार या दुर्घटनाग्रस्त लावारिस कुत्तों और अन्य पशुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान करना है। अब घायल पशुओं को अस्पताल ले जाने के इंतजार के बजाय, डॉक्टर और विशेषज्ञों की टीम खुद उनके पास पहुंचेगी। वैन में एक पशु चिकित्सक, ड्राइवर और दो पैरा-वेट्स की कुशल टीम तैनात रहेगी। आवारा श्वानों का शत-प्रतिशत टीकाकरण (एंटी-रेबीज) किया जाएगा। पहचान के लिए उन्हें विशिष्ट ‘टैग’ भी पहनाए जाएंगे।
जन-सुरक्षा: रेबीज रोकथाम और जन-जागरूकता के माध्यम से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। नगर पालिका परिषद इस जन-कल्याणकारी परियोजना के लिए संस्था को दो महीने के लिए अस्थाई आवास और प्रचार-प्रसार में पूर्ण सहयोग दे रही है। इसके साथ ही, शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अध्यक्ष ने मकडेती स्थित ए.बी.सी. (ABC) और ए.आर.वी. (ARV) केंद्र को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिए हैं।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी श्री गौरव भसीन, सभासद श्री रणवीर सिंह कण्डारी, श्रीमती जसबीर कौर, कु० गौरी थपलिया सहित ‘ह्यूमेन वर्ल्ड फॉर एनिमल्स’ के प्रतिनिधि और कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।



Recent Comments