देहरादून, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का 71वां राष्ट्रीय अधिवेशन उत्तराखण्ड के परेड ग्राउंड स्थित ‘भगवान बिरसा मुंडा नगर’ में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित हो रहा है। इस अधिवेशन के दूसरे दिन 4.5 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा पारंपरिक एवं सांस्कृतिक विविधता के साथ शहर की सड़कों पर निकाली गई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने लघु भारत का सुंदर दर्शन कराया।शोभायात्रा के दौरान देहरादून की सड़कों पर “भारत माता की जय” तथा “कश्मीर से कन्याकुमारी भारत माता एक हमारी” के जयघोष गूंजे।
शहर के लोग इस युवा जोश से भरे जत्थे का जगह-जगह स्वागत करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को प्रबल करते नजर आए। राष्ट्रीय अधिवेशन के कार्यक्रम के तहत “शिक्षा की भारतीय संकल्पना: वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य एवं हमारी भूमिका” विषय पर भाषण सत्र आयोजित हुआ, जहां अभाविप के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजशरण शाही ने महत्वपूर्ण विचार साझा किए। पांच समानांतर सत्रों में शिक्षा से लेकर समसामयिक मुद्दों जैसे बांग्लादेशी घुसपैठ, जनसंख्या असंतुलन, ऑपरेशन सिंदूर आदि विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।शोभायात्रा ने भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के बावजूद भारतीय एकता का दिव्य स्वरूप प्रस्तुत किया। देहरादून के प्रमुख चौराहों से गुजरती यह शोभायात्रा विद्यार्थियों की भागीदारी और राष्ट्रभक्ति की मिसाल बनी।
इस कार्यक्रम में अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, संगठन मंत्री आशीष चौहान के साथ उत्तराखण्ड प्रांत अध्यक्ष प्रो. जेपी. भट्ट एवं मंत्री ऋषभ रावत उपस्थित रहे।



Recent Comments