देहरादून, अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन एवं आरआईएसटी द्वारा हरिद्वार जनपद में चलाए जा रहे मानसी परियोजना कार्य की समीक्षा आज दिनांक 20 जुलाई 2022 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सभागार में आयोजित की गई।
समीक्षा कार्यक्रम में फाउंडेशन की मुख्य कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. भारती डंगवाल द्वारा हरिद्वार जनपद में चल रहे मानसी परियोजना के बारे में विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। उन्होंने बताया की मानसी परियोजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाएं, धातरी महिलाएं, नवजात शिशुओं के स्वस्थ पोषण, किशोरी स्वास्थ्य एवं टीकाकरण के बारे में लोगों को शिक्षित किया जाता है, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लायी जा सके।
डॉ. डंगवाल द्वारा बताया गया कि कम वजन के बच्चों को कंगारु मदर केयर के माध्यम से बचाया जा रहा है। जिसके लिए कंगारु मदर केयर बैग एवं लकड़ी का बक्सा तैयार किया है, जिसके माध्यम से नवजात बच्चे का तापमान नियंत्रित किया जा सके।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से MANSI (Maternal and Newborn Survival Initiative) नवजात शिशु के होम बेस्ड केयर का कार्य कर रही है। इससे संबंधित नवजात शिशु के परिवार को जागरुक किया जा रहा है। संस्था द्वारा समय-समय पर ब्रेस्टफीडिंग वीक, वर्ल्ड हेल्थ डे, कम्युनिटी मीटिंग, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य क्षमता विकास कार्यक्रमों के मदद से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयास किया जा रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनएचएम, निदेशक, डॉ. सरोज नैथानी ने कहा की अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे मानसी परियोजना जनपद हरिद्वार में कार्य कर रही है। निश्चित तौर पर भविष्य में हम ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी ला सकेंगे। साथ ही संस्था को हर संभव मदद भी एनएचएम द्वारा दी जा रही है।
कार्यक्रम में डॉ. कुलदीप सिंह मर्तोलिया, डॉ. सुजाता, डॉ. सैफून (आरआईएसटी), डॉ महेश श्रीनिवास (एआईएफ), डॉ अभिनव गुलेरिया, डॉ नीतिन अरोड़ा, सीमा मेहरा, अजय राजपाल, जीआर चमोली, राकेश पंत, पंकज गौतम, आदि सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।




