उत्तरकाशी (कुथनौर), विश्व पर्यावरण दिवस पर भंसाड़ी गांव में ग्रामीण बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु भगवान जगन्नाथ फाउंडेशन जो कि भगवान जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति, यमुनोत्री तीर्थ हिमालय की एक इकाई है, द्वारा संचालित निःशुल्क समर कैंप में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति संवर्धन विषयों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त गांव की महिलाओं एवं समस्त ग्रामवासियों के साथ मिलकर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
भगवान जगन्नाथ फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक जागरूकता एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर निःशुल्क शैक्षिक शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान तथा जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। वर्तमान में आयोजित समर कैंप का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार, रचनात्मक गतिविधियों एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों ने भगवान जगन्नाथ फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के निरंतर संचालन की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक महंत योगी लक्ष्मी, चक्रधर नौटियाल, कोषाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह रावत, साहिल सैनी, एडवोकेट दीपांशी गोयल, ग्राम प्रधान श्रीमती निशा देवी, संजय सिंह, देवेन्द्र सिंह बर्त्वाल, रामेंद्र सिंह बर्त्वाल, अशर्फी देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Recent Comments