NH-7 के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार जारी

0
16

देहरादून (दीपक पंवार), एनएच 7 के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार जारी है, सड़क निर्माण के प्रस्तावित रूट में बदलाव किए जाने से नाराज लोग 14 अक्टूबर से धरने पर बैठे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पहले इस परियोजना के तहत एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन अब रेलवे लाइन के समानांतर करीब 2.5 किलोमीटर के हिस्से में निर्माण करने की कोशिश की जा रही है। इससे बड़ी संख्या में घरों और बस्तियों के प्रभावित होने की आशंका है।
धरने पर बैठे एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि इस बदलाव से करीब 1500 से 2000 लोग प्रभावित हो सकते हैं। क्षेत्र में कई पुराने मकान, बड़ी कॉलोनियां और छोटी-छोटी बस्तियां हैं। कुछ मकान कई दशक पुराने हैं, जिन्हें लोगों ने अपनी मेहनत और जमा पूंजी से बनाया है। ऐसे में यदि उनके घरों को हटाया जाता है, तो उनके सामने दोबारा घर बनाने और रहने की व्यवस्था करने का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि सड़क का निर्माण पहले से प्रस्तावित अलाइनमेंट के अनुसार ही कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों के घरों को नुकसान न पहुंचे। उनका कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर उन्हें अपने घरों से बेघर नहीं किया जाना चाहिए।
धरने पर बैठे लोगों ने स्पष्ट किया कि वे अपने घरों को किसी भी कीमत पर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर प्रस्तावित रूट पर पुनर्विचार करने और प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here