Saturday, April 27, 2024
HomeNationalकिसान आंदोलन : भारत बंद का सभी विपक्षी दलों ने किया समर्थन,...

किसान आंदोलन : भारत बंद का सभी विपक्षी दलों ने किया समर्थन, आरएस मनसा ने कहा- रामलीला ग्राउंड पर मिले विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति

नई दिल्ली, केंद्र सरकार द्वारा संसद में पारित किए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आज देशभर के किसानों ने भारत बंद बुलाया। इसका देशभर में मिला-जुला असर देखने को मिला। बंद को देश के सभी विपक्षी दलों ने अपना समर्थन दिया। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किसान नेताओं को शाम सात बजे बैठक के लिए बुलाया है। इसमें सरकार और किसानों के बीच कानून को लेकर चल रही रस्साकशी पर चर्चा की जाएगी। वहीं बंद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरोमणि अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल को फोन किया और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
भारत बंद के दौरान क्या क्या हुआ और कहां हुआ बंद का असर जानिये…

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसानों ने आज भारत बंद का आह्वान किया, वह बहुत जबरदस्त तरीके से सफल रहा। मुझे खुशी है कि सारा देश किसानों के समर्थन में एकजुट हुआ। मेरा भी मन था कि मैं एक आम आदमी की तरह बॉर्डर पर जाऊंगा और किसानों को समर्थन करूंगा। लेकिन शायद इन्हें पता चल गया।
टीकरी बॉर्डर पर किसानों के जमकर भाषण और नारेबाजी
केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन का केंद्र बने टीकरी बॉर्डर पर मंगलवार को ‘भारत बंद’ के दौरान जोरदार भाषण और नारेबाजी देखने को मिली। दो हजार से अधिक किसानों ने एक साथ नारेबाजी की और ‘जय किसान’, ‘हमारा भाईचारा जिंदाबाद, किसान एकता जिंदाबाद, तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारों से आकाश गुंजायमान हो उठा।

सरकार को किसानों की मांगों पर सहमत होना चाहिए
पंजाबी गायक जस बाजवा गाजीपुर बॉर्डर (दिल्ली-यूपी बॉर्डर) पर किसानों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की मांगों पर सहमत होना चाहिए।

कुछ किसान अपने बातों पर अड़े हुए हैं- मनोहर लाल खट्टर

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि किसानों से जो बातचीत चल रही है उस बातचीत में कुछ किसान अपने बातों पर अड़े हुए हैं और बहुत से किसान चाहते हैं कि उस कानून में संशोधन किया जाए। ऐसे अलग-अलग मत चल रहे हैं, हमने अपने सुझाव दिए हुए हैं। किसानों के हित में जो भी बात होगी वो केंद्र सरकार करेगी।

राकेश टिकैत सहित 13 किसान नेता 7 बजे अमित शाह से मिलने जाएंगे

1. राकेश टिकैत
2. गुरनाम चढूनी
3. हनन मुल्ला
4. शिवकुमार हक्का
5. बलबिर सिंह
6. जगजीत सिंह
7. रुलदू सिंह मानसा
8. मंजीत सिंह राय
9. बुट्टा सिंह बुरूजगिल
10. हरिंदर सिंह लखोवाल
11. दर्शन पाल
12. कुलवंत सिंह संधू
13. भोग सिंह मानसा

हमें रामलीला ग्राउंड पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति मिले -आरएस मनसा
पंजाब किसान यूनियन के आरएस मनसा ने सिंघु सीमा पर कहा है कि हम दिल्ली या हरियाणा से किसी को भी असुविधा नहीं पहुंचाना चाहते हैं। हमें रामलीला ग्राउंड पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी जानी चाहिए |
राजस्थान: भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
राजस्थान: जयपुर में भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
सरकार पूरे देश में समर्थन मूल्य में अनाज खरीदने की व्यवस्था करे- भूपेश बघेल
भूपेश बघेल ने कहा कि यदि आप निजी क्षेत्र में मंडी देना चाहते है हम विरोध नहीं करेंगे, लेकिन एक कानून बना दीजिए कि कोई मंडी या मंडी के बाहर समर्थन मूल्य से नीचे खरीद नहीं करेंगे। सरकार पूरे देश में समर्थन मूल्य में अनाज खरीदने की व्यवस्था करे |
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि तीन काले कानून जिसे, बीजेपी किसानों के हितैषी कानून बताती है, यह पूंजीपतियों के लाभ के लिए बनाए गए हैं। मंडी एक्ट, कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग और आवश्यक वस्तु अधिनियम को विलोपित करने के लिए ये तीन कानून हैं, यह 62 करोड़ से ज्यादा किसानों के खिलाफ हैं।

कल शाम पांच बजे राष्ट्रपति से मिलेंगे विपक्षी पार्टियों के नेता
सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी ने कहा है कि विपक्षी दलों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल कल शाम पांच बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, शरद पवार सहित अन्य नेता शामिल होंगे। कोरोना प्रोटोकॉल के कारण, केवल पांच लोगों को उनसे मिलने की अनुमति दी गई है।

भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘बंद में भी सरकार के इशारे पर अराजकता की हद देखिए, कांग्रेस पार्टी के गुंडे भाजपा के दफ्तर पर पथराव करते हैं। क्या इस तरह के अराजक तत्वों के जरिए अशोक गहलोत प्रदेश में अशांति का माहौल पैदा करना चाहते हैं?’

आरएसएस मोदी जी को समर्थन देना बंद करे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘हम मोहन भागवत से पूछना चाहते हैं कि अगर मोदी जी किसान संघ और किसानों की बात नहीं सुन रहे हैं तो आरएसएस मोदी जी को समर्थन देना बंद करे। हमारे साथ सड़क पर आएं। इसमें कोई राजनीति नहीं है।’

कर्नाटक में राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों ने किया प्रदर्शन
कर्नाटक में कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों ने बंगलूरू में टाउन हॉल के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी विरोध के तौर पर अपने साथ सब्जियों को लेकर आए थे।

शाह ने किसान नेताओं को बैठक के लिए बुलाया
भारत बंद के बीच गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार शाम सात बजे किसान नेताओं को बैठक के लिए बुलाया है। इसे लेकर भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा, ‘हमारी आज शाम सात बजे गृह मंत्री के साथ बैठक है। हम अभी सिंघु सीमा पर जा रहे हैं और वहां से हम गृह मंत्री से मुलाकात करने के लिए जाएंगे।’

उत्तराखंड में उग्र हुए किसान, गन्नों से लदे ट्रक लगाकर हाईवे किया जाम
उत्तराखंड के रुड़की में नारसन और लक्सर पुरकाजी में किसानों ने गन्नों से लदे ट्रक लगाकर हाईवे जाम कर दिया।

अखिल भारतीय वकील संघ ने बंद का किया समर्थन
दिल्ली में अखिल भारतीय वकील संघ ने भारत बंद के समर्थन में तीस हजारी जिला न्यायालय में विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा, विरोध पर सरकार की प्रतिक्रिया चिंता का विषय है। कानूनी बिरादरी किसानों के साथ खड़ी है। ये कानून न तो किसानों के पक्ष में हैं और न ही वकीलों के।

पुलिस ने मेरठ में 14 लोगों को किया गिरफ्तार
किसान आंदोलन की आड़ में जिले में उन्माद फैलाने की आशंका के चलते 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन्हें अलग-अलग थानों में रखा हुआ है। बताया गया कि 8 लोगों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेजा गया। एसएसपी अजय कुमार साहनी के मुताबिक किसानों के भारत बंद आव्हान का असर मेरठ में नहीं है। मेरठ की सभी दुकानें सभी बाजार खुले हुए हैं।

भारत बंद के दौरान मेघालय में जनजीवन सामान्य
मेघालय में मंगलवार को जनजीवन सामान्य रहा और केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए ‘भारत बंद’ का कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा।

तमिलनाडु, पुडुचेरी में द्रमुक, कांग्रेस का प्रदर्शन
तमिलनाडु में द्रमुक और कांग्रेस समेत उसके सहयोगी दलों ने मंगलवार को भारत बंद में हिस्सा लिया। पुड्डुचेरी में भी द्रमुक, कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। किसान संगठन केंद्र के तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

मेरठ के बाजारों में नहीं दिखा ‘भारत बंद’ का असर, नेता नजरबंद
नए कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को किसान संगठनों के ‘भारत बंद’ के आह्वान का उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कोई खास असर नहीं दिखा |

त्रिपुरा में भारत बंद का कोई असर नहीं
केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों की ओर से मंगलवार को बुलाए गए बंद का त्रिपुरा में कोई असर नहीं दिखा |

किसानों की मांगें सही हैं: कमलनाथ
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने किसान आंदोलन पर कहा, ‘आज जो लाखों किसान आए हैं वो अपनी पीड़ा व्यक्त करने आए हैं। किसानों की मांगें बिल्कुल सही हैं, किसानों के साथ न्याय हो। क्या किसान बेवकूफ हैं जो इतनी बड़ी संख्या में यहां इकट्ठा हुए हैं? 30 साल पहले और अब के किसानों में बहुत बड़ा अंतर है। किसानों को आज बहुत बेहतर जानकारी है।’

 

सरकार को छोड़ना चाहिए अहंकार का रास्ता
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, ’24 राजनीतिक पार्टियां भारत बंद का समर्थन कर रही हैं। कोई नहीं चाहता कि लोगों को असुविधा हो। सरकार को अहंकार का रास्ता छोड़कर हमारा पेट पालने वाले किसानों की बात माननी चाहिए और इन तीनों कानूनों को तुरंत वापस लेना चाहिए।’

 

नरेंद्र सिंह तोमर और खट्टर कर रहे हैं मुलाकात
भारत बंद के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बीच मुलाकात हो रही है। यह मुलाकात तोमर के आवास पर हो रही है।

दिल्ली मेट्रो ने बंद किया एक स्टेशन
दिल्ली मेट्रो ने श्री राम शर्मा स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए मेट्रो ने कहा, ‘सुरक्षा अपडेट, ग्रीन लाइन पर पंडित श्री राम शर्मा स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद हैं।’

अपने आखिरी दम तक किसानों के साथ हैं कांग्रेस कार्यकर्ता: प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने आखिरी दम तक किसानों के साथ हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘किसानों का साथ देने के लिए आज पूरे उप्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को नजरबंद एवं गिरफ्तार किया जा रहा है। कड़कड़ाती ठंड में बैठे किसानों के लिए खेती, किसानी एमएसपी बचाने के लिए ये ‘करो या मरो’ की लड़ाई है। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने आखिरी दम तक किसानों के साथ हैं।’

सिसोदिया बोले- सीएम को उनके घर पर किया गया नजरबंद
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘भाजपा किसानों और सीएम केजरीवाल से खफा है। सिंघु सीमा पर किसानों से मुलाकात करने के बाद वे हैरान हैं। जब से वह लौटे हैं, उन्हें उनके घर पर नजरबंद कर दिया गया है, उनके घर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। उनके आवास पर लोगों को आने/ बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। भाजपा डर गई है कि सीएम भारत बंद के पक्ष में सड़कों पर उतरेंगे और किसानों के लिए बोलेंगे। वे कैप्टन अमरिंदर को कुछ नहीं कहते।’

आप कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में किया प्रदर्शन
दिल्ली में किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

शरद पवार और राजनाथ सिंह ने की मुलाकात
किसान आंदोलन के बीच एनसीपी नेता शरद पवार और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मुलाकात हुई है। यह जानकारी सूत्र द्वारा दी गई है।

पीएम मोदी ने प्रकाश सिंह बादल से की फोन पर बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरोमणि अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल से फोन पर बात की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। यह जानकारी सूत्र के द्वारा दी गई है। बता दें कि अकाली दल केंद्र द्वारा पारित कृषि कानूनों का विरोध कर रहा है |

उन्हें महत्व देने की जरूरत नहीं है: शरद पवार
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने सफाई देते हुए कहा, ‘मैंने कहा था कि एपीएमसी को कुछ सुधारों की जरूरत है। एपीएमसी अधिनियम सुधारों के साथ जारी रहना चाहिए। इसमें कोई संदेह नहीं है कि मैंने पत्र लिखा था। लेकिन उनके तीन अधिनियमों में एपीएमसी का उल्लेख नहीं है। वे सिर्फ ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें महत्व देने की जरूरत नहीं है। कल अलग-अलग राजनैतिक दलों के 5-6 लोग सामूहिक बैठक और चर्चा करने के बाद शाम पांच बजे राष्ट्रपि स मुलाकात करेंगे। हम उनके समक्ष अपना सामूहिक रुख पेश करेंगे। बता दें कि भाजपा का कहना है कि पवार ने पहले किसान कानूनों का समर्थन किया था और अब वे इसका विरोध कर रहे हैं।’

कर्नाटक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
कर्नाटक में कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में हुबली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और बैलगाड़ी से सड़क ब्लॉक की।

कानून-व्यवस्था को भंग करने पर उतारू है विपक्ष: स्मृति ईरानी
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘बौखलाया हुआ विपक्ष जो वोट के माध्यम से जनता का समर्थन प्राप्त नहीं कर पाया, वो आज कानून-व्यवस्था को भंग करने पर उतारू हो चुका है ताकि वो अपनी राजनीति चमका सके। कहीं न कहीं राजनीतिक दखल है कि अराजकता फैले।’

तेलंगाना में टीआरएस नेताओं ने किया प्रदर्शन
तेलंगाना में टीआरएस नेताओं के कविता, केटी रामाराव और अन्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भारत बंद के समर्थन में कामारेड्डी और रंगा रेड्डी में विरोध प्रदर्शन किया। किसान संघों ने केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ आज भारत बंद बुलाया हुआ है।

दिल्ली को जोड़ने वाले एनएच-24 पर किसानों ने लगाया जाम
किसानों ने दिल्ली को जोड़ने वाले एनएच-24 पर जाम लगा दिया है। इससे यातायात पर असर पड़ेगा।

महाराष्ट्र में सार्वजनिक परिवहन पर नहीं पड़ा कोई असर
अधिकारियों ने कहा कि मुंबई में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं, उपनगरीय ट्रेनों और बस सहित महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में मंगलवार की सुबह अप्रभावित रहीं। बता दें कि विभिन्न संगठनों ने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद का समर्थन किया है।

विपक्ष पर गिरिराज सिंह ने किया हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, ‘जिस तरह से इंग्लैंड के सांसदों, कनाडा के प्रधानमंत्री ने आंतरिक हस्तक्षेप किया, इस पर विपक्ष की जुबान क्यों बंद है?’ बता दें कि इंग्लैंड के सांसदों और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर टिप्पणी की है।

देश की छवि को बदनाम करना विपक्षी दलों का पुराना तरीका है :
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किसानों के प्रदर्शन पर कहा, ‘हर चीज पर लोगों को गुमराह करना, देश की छवि को बदनाम करने की साजिश करना इनका (विपक्षी दलों) पुराना तरीका रहा है। अपने शासन काल में कांग्रेस, एनसीपी, अकाली दल, लेफ्ट पार्टियां इस तरह के बिल का सीना ठोक कर समर्थन करती रही हैं।’
समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के ‘भारत बंद’ आह्वान के मद्देनजर मंगलवार को यहां प्रयागराज स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया और पटरी पर लेटकर नारेबाजी की।
केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों द्वारा आहूत ‘भारत बंद’ के मद्देनजर मंगलवार को राज्य के लगभग सभी बड़े शहरों में व्यापारिक संस्थान बंद रहे। छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने भारत बंद का समर्थन किया है। सत्ताधारी दल के नेता और कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर निकले तथा लोगों से समर्थन का अनुरोध किया |

नए कृषि कानून केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए लाए गए: दिग्विजय सिंह

नए कृषि कानूनों को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि ये कानून केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए लाए गए हैं।

पंजाब में दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे
केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद के मद्देनजर पंजाब में अनेक स्थानों पर दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे |

जयपुर में भिड़े भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता
राजस्थान के जयपुर में भारत बंद के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजपा के जयपुर स्थित कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच पत्थरबाजी हुई।
मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन ने किया बंद का समर्थन
मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तालेकर ने कहा, ‘केंद्र द्वारा लाए गए कृषि कानून देश के किसानों को खत्म कर देंगे। उत्तर भारत में किसानों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू कर दिया है और आज भारत बंद बुलाया गया है। मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन इस बंद का समर्थन करता है।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments