Tuesday, August 4, 2026
HomeTrending Nowकैंचीधाम मेले और पर्यटकों की बढ़ती भीड़, नैनीताल-हल्द्वानी तक लगा जाम

कैंचीधाम मेले और पर्यटकों की बढ़ती भीड़, नैनीताल-हल्द्वानी तक लगा जाम

हल्द्वानी, पवित्र कैंचीधाम मेले में बाबा नीब करौरी के दर्शन को शनिवार को उमड़े भक्तों और वीकेंड पर नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की भीड़ ने नैनीताल से हल्द्वानी तक भारी जाम लगा दिया। नैनीताल और भवाली में पार्किंग स्थल पूरी तरह भर गए, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ा और हल्द्वानी तक ट्रैफिक रुका रहा। देर रात तक यातायात कर्मी जाम को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
नैनीताल शहर में सुबह और दोपहर बाद जाम की स्थिति बनी रही। माल रोड पर वाहन रेंगते दिखे, जबकि तल्लीताल चुंगी के पास जाम सबसे गंभीर रहा। सूखाताल, किलबरी-पंगोट, नैनीताल-कालाढूंगी और नैनीताल-भवाली मार्गों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगीं। पर्यटकों को घंटों जाम में फंसने से भारी परेशानी हुई।
वीकेंड की वजह से दोपहर से पहले ही नैनीताल की प्रमुख पार्किंग—डीएसए, मेट्रोपोल, बीडी पांडे और सूखाताल—फुल हो गईं। इसके बाद पर्यटकों के वाहन शहर में धीमी गति से चलते रहे। भीड़ के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
यातायात पुलिस ने जाम को कम करने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी, लेकिन भारी भीड़ के आगे यह प्रयास नाकाफी रहे। कैंचीधाम मेले और पर्यटन सीजन के चलते अगले कुछ दिनों तक ऐसी स्थिति बने रहने की आशंका है। प्रशासन से बेहतर यातायात प्रबंधन की मांग की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments