– महिला सारथी (पायलट प्रोजेक्ट) के तहत महिला ड्राइवरों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
देहरादून(आरएनएस)। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आई.आर.डी.टी ऑडिटोरियम, देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। जिसमें सुश्री रेशमा शाह, सुश्री भारती, पार्षद अंजना रावत, श्रीमती बीना, श्रीमती रेखा पांडे, श्रीमती ममता, श्रीमती सरिता पंवार सहित अन्य कई महिलाएं शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान महिला सारथी (पायलट प्रोजेक्ट) के तहत महिला ड्राइवरों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, राजनीति, खेल, विज्ञान, सेना, कृषि उद्योग जैसे हर क्षेत्र में महिलाएँ आगे बढ़ कर देश का नेतृत्व कर रही हैं। उत्तराखंड राज्य की महिलाओं में विशेष प्रकार का आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता है, महिलाओं में कौशल और परिश्रम में कोई कमी नहीं है। राज्य की महिलाएं स्वयं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज को भी सशक्त बना रही हैं। उन्होंने कहा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सबसे बड़ा योगदान महिलाओं का होगा। राज्य सरकार, प्रदेश की मातृ शक्ति के सशक्तिकरण हेतु भविष्य में भी पूरी दृढ़ता के साथ कार्य करते रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के हितों को आगे रखते हुए देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता लागू उत्तराखंड में किया है। जिसमें महिला सुरक्षा के विशेष प्रावधान किए गए हैं। यह आधी आबादी का पूरा कानून है। उन्होंने कहा लिव इन रिलेशनशिप हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है। लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले युवाओं की जानकारी उनके माता पिता और प्रशासन के पास होनी आवश्यक है। जिससे किसी भी तरह की घटना से भी बचा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मातृशक्ति के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बीते 11 वर्षों में 30 करोड़ से अधिक महिलाओं के जन-धन बैंक खाते खोले गए, 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाकर माताओं बहनों के मान-सम्मान की रक्षा सुनिश्चित किया गया है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से 1 करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का कार्य किया जा रहा है। 30 करोड़ से अधिक महिलाओं को मुद्रा योजना के अंतर्गत लोन देकर सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। देश की संसद में लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत का आरक्षण देने का ऐतिहासिक कानून पास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार पढ़ाई, सरकारी नौकरी, उद्यम, खेल हर क्षेत्र में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी आगे बढ़ा रही है। राज्य में सशक्त नारी सशक्त समाज की परिकल्पना को साकार करते हुए नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बालिकाओं के जन्म लेने पर 11 हजार रूपए तथा 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना, जैसी कई योजनाएं संचालित है। महिलाओं की सुरक्षा, सहायता, एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 और महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित करने एवं महिलाओं हेतु महिला छात्रावास भी संचालित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में राज्य की बेटियों को 30 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण देने का भी कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपए तक का ऋण बिना ब्याज के मुहैया करवाया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1 लाख से अधिक बहनों ने लखपति दीदी बनने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों को हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से आज देश-विदेश तक पहुंचाया जा रहा है। हमारी बहनों द्वारा बनाए गए उत्पाद आज मल्टीनेशनल कंपनियों को भी टक्कर दे रहीं हैं।
कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाए ने अपने बारे में आंकलन करना होगा है। अपनी क्षमताओं को आगे लाना होगा। पहले से समय काफी बदलाव आया है। महिलाएं अब आगे बढ़ गई हैं। महिलाओं को समाज में बराबरी का ओहदा प्राप्त है। उन्होंने कहा महिलाओं ने आत्मनिर्भर बनकर स्वयं के साथ समाज को आगे बढ़ाना है। चुनौतियों से निपटने में भी स्वयं से निर्णय करना है। उन्होंने कहा समाज में महिलाएं आगे बढ़ रही है, जिससे आगे परिणाम और अच्छे होंगे। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में मातृशक्ति के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, सचिव श्री चंद्रेश यादव, निदेशक श्री प्रशांत आर्य, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
ग्राफिक एरा में महिला दिवस पर विस अध्यक्ष रितु खण्डूरी, आईएएस नमामी व डा. दिव्या सम्मानित
देहरादून, उत्तराखण्ड़ की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को राजनीति में आना चाहिये। वे समाज की दशा और दिशा दोनों बदल सकती हैं।
विस अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी आज ग्राफिक एरा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रही थी उन्होंने कहा कि महिलाओं को साल के पूरे 365 दिन सम्मान मिलना चाहिये। आज की महिलाएं चाय बेचने से लेकर, रिक्शा चलाकर भी अपना परिवार चला रहीं हैं। वे बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल करने की क्षमता रखती हैं।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागेदारी को बढ़ावा देने के लिये पंचायत में 50 प्रतिशत आरक्षण, विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण व लड़कियों की पढ़ाई से लेकर कौशल जागृत करने तक की योजनाएं राज्य में चलाई जा रहीं हैं। श्रीमती खण्डूरी ने गृहणियांे को कामकाजी महिलाओं के जितना ही सम्मान देने का आह्वान किया।
देहरादून की नगर आयुक्त आईएएस नमामी बंसल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महिलाओं को परिवार के साथ खुद पर भी ध्यान देना चाहिये क्योंकि उनके विकसित होने से समाज और भी ज्यादा विकसित होगा। महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर होने के साथ ही खुश होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन्दगी में सफलता पाने के लिये छोटे-छोटे लक्ष्यों को भी सेलिब्रेट करना चाहिये व ऐसे कार्य करने चाहिये जिससे माता-पिता गौरान्वित महसूस करें। समारोह में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स की वाईस चेयर पर्सन डा. राखी घनशाला ने महिलाओं को खुद पर भरोसा रखने और आगे बढ़ते रहने के लिये प्रेरित किया। ग्राफिक एरा अस्पताल की प्रसूति व स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. दिव्या मिश्रा ने महिलाओं के स्वास्थ्य की महत्वता पर प्रकाश डाला।
समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी, आईएएस नमामी बंसल व डा. दिव्या मिश्रा के साथ ही ग्राफिक एरा में दो दशक से सेवा करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसमें रूचिरा रावत, डा. किरण शर्मा, डा. शालिनी सिंह व अन्य महिलाएं शामिल हैं। इस अवसर पर ग्राफिक एरा की 250 से ज्यादा महिला कर्मियों को पुरूस्कृत किया गया।
समारोह में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी व ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की महिला पदाधिकारी, शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन डा. भारती शर्मा व डा. ताहा सिद्धकी ने किया।
बुद्धिजीवी फाउंडेशन ने दिया 12 उत्कर्ष्ठ महिलाओं को उत्तराखंड़ रत्न सम्मान
देहरादून, इंटेलेक्चुअल्स फाउंडेशन ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रेक्षागृह में महिलाओं को उनकी सेवाओं और समाज में योगदान के लिए सम्मानित किया।
इस मौके पर सेक्रेटरी जनरल हर्ष निधि शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस विशेष दिन को यादगार बनाने और महिलाओं के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए हमें अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। हमें अपनी महिलाओं को पहचानना चाहिए और उनका सम्मान करना चाहिए।
बुद्धिजीवी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. एस. फारू क ने कहा कि महिला सशक्तिकरण समय की मांग है। हमें समाज के विकास के लिए लड़कियों को शिक्षित करना चाहिए। और कहा कि विकसित देशों में महिलाएं अपने देश के लिए अच्छे व्यवसाय का नेतृत्व कर रही हैं।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राजेश टंडन ,पूर्व न्यायाधीश, उत्तराखंड उच्च न्यायालय, पूर्व अध्यक्ष, साइबर अपीलीय न्यायाधिकरण, भारत सरकार ,पूर्व अध्यक्ष, उत्तराखंड विधि आयोग पूर्व सदस्य, मानवाधिकार आयोग, उत्तराखंड ने कहा कि महिलाएं सम्पूर्ण परिवार हैं और आज महिलाएं समाज के विकास में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं।
इंजीनियर नरेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाएं संपूर्ण घर बनाने की हमारी शाश्वत शक्ति हैं। उनके योगदान के बिना यह असंभव है l ब्रिगेडियर के.जी. बहल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया l
इस अवसर पर डॉ. ज्योति शर्मा प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता देहरादून ,डॉ भावना पंत प्रोफ़ेसर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज देहरादून ,श्रीमती शारदा अधिकारी प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता उत्तराखंड देहरादून , इंद्राणी पांधी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हिमाचल टाइम्स ग्रुप उत्तराखंड ,डॉ दिव्या जुयाल डीन, फार्मास्युटिकल साइंसेज, निदेशक, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ,एसजीआरआर यूनिवर्सिटी देहरादून ,श्रीमती वैशाली सिंह प्रिंसिपल सैग्रेस अकादमी इंटरनेशनल उत्तराखंड देहरादून ,प्रोफ़ेसर कविता शर्मा प्रसिद्ध एक्यूपंक्चरिस्ट उत्तराखंड देहरादून ,डॉ. गगनदीप कौर एसोसिएट प्रोफेसर स्कूल ऑफ लॉ यू.पी.ई.एस. देहरादून ,श्रीमती कशिश गगन मेहता मोटर स्पोर्ट्स महिला उत्तराखंड,श्रीमती ममता नागर ,प्रसिद्ध महिला बाइक सवार उत्तराखंड देहरादून ,श्रीमती सोनाली सिन्हा प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता उत्तराखंड देहरादून ,श्रीमती निशा अतुल्य प्रसिद्ध लेखिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता उत्तराखंड को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन ऋषिता ने किया l इस अवसर प्रेक्षागृह में बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग महिलायें उपस्थित रही l
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर ‘पर्यावरण सखी तुझे सलाम’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन
देहरादून, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर पंचायती राज निदेशालय में ‘पर्यावरण सखी तुझे सलाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन निदेशक पंचायती राज श्रीमती निधि यादव ने किया।
इस विशेष आयोजन में वेस्ट वॉरियर्स संस्था से जुड़ी 36 पर्यावरण सखियों ने भाग लिया, जो उत्तराखंड के रामनगर, उत्तरकाशी और धनौला क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनीता सिंह द्वारा किया गया, जिसमें पर्यावरण सखियों ने अपनी प्रेरणादायक कहानियाँ साझा कीं और अपने अनुभवों को प्रस्तुत किया। इन सखियों ने कचरा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न नवाचारों और समाधानों पर आधारित अपने मॉडल भी प्रदर्शित किए।
इस अवसर पर निदेशक पंचायती राज श्रीमती निधि यादव ने कहा,
“पर्यावरण सखियों द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उनका समर्पण न केवल स्वच्छता अभियान को सशक्त बना रहा है, बल्कि सतत विकास के लक्ष्यों को भी पूरा करने में सहायक सिद्ध हो रहा है।”
महत्वपूर्ण योगदान:
रामनगर की 7 पंचायतों से 23 पर्यावरण सखियों द्वारा दिसंबर 2021 से दिसंबर 2024 तक 271134 किलो सुखा कचरा एकत्र किया गया है। साथ ही इनके द्वारा 5 वेस्ट बैंक का भी संचालन किया जा रहा है. रामनगर पर्यटन की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है और पर्यावरण सखी वहां स्वच्छता हेतु कार्य कर रही है l
गोविंद वन्यजीव एवं पशु विहार, उत्तरकाशी की 7 पंचायतों में भी पर्यावरण सखियां सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। केदार कण्ठा और हर की दून ट्रेकिंग स्थल होने के कारण बहुत बड़ी मात्रा में यहां सैलानी हर वर्ष आते है, धनौला, रायपुर ब्लॉक की 6 पंचायतों से 6 पर्यावरण सखियां कचरा प्रबंधन में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन केंद्र चला कर योगदान दे रही हैं।
इस कार्यक्रम में संस्था की प्रतिनिधि मिताली रावत ने बताया कि वेस्ट वॉरियर्स द्वारा रामनगर क्षेत्र से वार्षिक रूप से हजारों किलो सूखा कचरा एकत्र कर रीसाइक्लिंग हेतु भेजा जा रहा है।
इस आयोजन ने महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण में पर्यावरण सखियों की भूमिका को रेखांकित किया तथा उनके सराहनीय कार्यों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक राजीव त्रिपाठी, हिमाली जोशी एवं संयुक्त निदेशक मनोज तिवारी, नवीन कुमार सडाना, भास्कर पिचाई ,सदस्य विनोद सोलंकी, स्वाति, वीर पाल, असलम खान आदि उपस्थित रहे l
Recent Comments