Saturday, April 18, 2026
HomeTrending Nowजंगल में मिला मासूम का शव, फिरौती के नाम पर ठगी करने...

जंगल में मिला मासूम का शव, फिरौती के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग, जनपद के अगस्त्यमुनि क्षेत्र से सामने आए मासूम हत्याकांड ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। ग्राम बाड़व निवासी मासूम पंकू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है, जहां पुलिस ने फिरौती के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पंकू पुत्र विजय लाल बीते कई दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन काफी खोजबीन के बाद बच्चे का शव घने जंगल में बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी व्याप्त है। इसी बीच जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। जब परिजन अपने बच्चे की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने खुद को मददगार बताते हुए बच्चे को ढूंढने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने इसके एवज में ₹2500 की मांग की, जिसे दुखी पिता ने उम्मीद में आकर भेज दिया। बाद में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने केवल ठगी की थी।
पुलिस ने मोबाइल ट्रेसिंग के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी की भूमिका केवल ठगी तक सीमित है या वह इस पूरे मामले में किसी अन्य तरीके से भी जुड़ा हुआ है।
वहीं, बच्चे के शव का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराई जा चुकी है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर मानवता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों द्वारा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब हो कि 9 दिनों से लापता चल रहे 5 वर्षीय पंकू का शव जंगल में मिला था। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। पंकू रोते हुए घर से निकल गया था, लेकिन मां को इस बात का पता नहीं चल पाया। जब पंकू की मां वापस घर लौटी, तो घर के आंगन से पंकू लापता मिला।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments