Saturday, April 27, 2024
HomeNationalशादी में धोखाधड़ी का मामला: सुहागरात पर पति का खुला राज तो...

शादी में धोखाधड़ी का मामला: सुहागरात पर पति का खुला राज तो दुल्हन पहुंची थाने, जानिए

आगरा,  । दुल्हन को धोखा देकर उसके फेरे दिव्यांग संग करा दिए। फेरों के दाैरान शक होने पर दुल्हन ने पूछताछ की तो ससुराल वालों ने कहा कि गलत इंजेक्शन लगने के चलते समस्या हो गई है।

दवाओं से कुछ दिन में सही हो जाएगी। मगर, सुहागरात पर दुल्हन को पता चला कि दूल्हा बचपन से दिव्यांग है तो उसके होश उड़ गए। अपने साथ हुए धोखे का विरोध करने पर ससुराल वालों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। ससुराल वालों ने उस पर मोबाइल का प्रयोग करने पर पाबंदी लगा दी। पहली विदा होकर मायके पहुंचने पर दुल्हन ने स्वजन को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी दी। बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पति और ससुराल वालों के खिलाफ धोखाधड़ी व दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत की।

मामला लोहामंडी इलाके की रहने वाली युवती का है। युवती की शादी एक महीने पहले मथुरा निवासी युवक से हुई है। युवती के स्वजन ने बताया कि वह बिचौलिया के माध्यम से लड़का देखने गए थे। लड़के को उन्होंने कुर्सी पर बैठे देखा, उससे बातचीत करने के दौरान ही परिवार के लोगों ने ध्यान भटका दिया। उन्हें अपना मकान, दुकानें और खेत दिखाने के बहाने वहां से ले गए। लड़के के बारे में बताया कि उसकी दुकान हैं, इसके अलावा खेती है। लड़का और उसका परिवार संपन्न होने के चलते उन्होंने रिश्ते के लिए हां कर दी।

इस वर्ष जनवरी में बेटी की शादी उसके साथ कर दी। फेरों के दौरान दूल्हे के अपने पैरों पर खड़ा न हो पाने पर दुल्हन को शक हुआ। उसने दूल्हे और उसके साथ के लोगों से जानकारी की। उन्होंने बताया कि गलत इंजेक्शन लगने के चलते उसे दिक्कत हो गई है। जिसका इलाज चल रहा है, कुछ दिन में ठीक हो जाएगा। विदा होकर ससुराल पहुंचने पर उसे पता चला कि दूल्हा बचपन से ही दोनों पैरों से दिव्यांग है। जिस पर उसने अपने साथ हुए धोखे का विरोध किया।

दुल्हन का आरोप है कि इस दौरान उस पर मोबाइल का प्रयोग नहीं करने दिया गया। पति व ससुराल वालों को डर था कि वह स्वजन को उसके दिव्यांग होने की सच्चाई न बता दे। वह 31 जनवरी को पहली विदा पर अपने घर गई तो उन्हें सारी सच्चाई बताई। ससुराल वाले छह फरवरी को मायके से उसे अपने साथ ले गए। वहां से लौटने के बाद उसका उत्पीड़न तेज कर दिया। जिसकी शिकायत करने पर 18 फरवरी को उसकी मां लेने आई तो दोनों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर एसएसपी ने महिला थाने को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।(साभार – जागरण)

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments