Sunday, July 5, 2026
HomeTrending Nowश्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बदरीनाथ...

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन और विधिवत पूजा-अर्चना की।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की समीक्षा बैठक, तीर्थ पुरोहितों व हकहकूकधारियों से किया संवाद

श्री बदरीनाथ धाम(चमोली), श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने धाम में देर शाम तक तीर्थ पुरोहितों, हकहकूकधारियों, व्यापार सभा, होटल एसोसिएशन तथा स्थानीय हितधारकों के साथ विस्तृत बैठक कर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक के दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, दर्शन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आवासीय सुविधाओं तथा स्थानीय हितों से जुड़े कई सुझाव और ज्ञापन प्रस्तुत किए। बीकेटीसी अध्यक्ष ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि धाम की व्यवस्थाओं को और अधिक सरल, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी प्रस्तावों पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के मार्गदर्शन में इस वर्ष चारधाम यात्रा सुचारु और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि अब तक एक माह के भीतर ही लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं, जो यात्रा की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सरल एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराना बीकेटीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मंदिर समिति, प्रशासन एवं सभी संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। बीकेटीसी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में सभी हितधारकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही चारधाम यात्रा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। इस अवसर पर अनेक तीर्थ पुरोहित, मंदिर समिति सदस्य एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments