निःशुल्क डायग्नोस्टिक सेवाओं की निरंतरता हेतु वर्तमान एजेंसी को जनहित में नवीन निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने तक सीमित अवधि का विस्तार

0
5

देहरादून ,उत्तराखंड के राजकीय स्वास्थ्य संस्थानों में आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क डायग्नोस्टिक सेवाओं की निरंतरता सरकार की प्राथमिकता है। इन सेवाओं के अंतर्गत विभिन्न आवश्यक जांचें आमजन को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड डॉ संदीप तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड के अंतर्गत निःशुल्क डायग्नोस्टिक सेवाओं के लिए नई एजेंसी के चयन हेतु वर्तमान में नवीन टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। नई निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने तथा चयनित एजेंसी द्वारा सेवाएं प्रारंभ किए जाने तक सेवाओं में किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसे सुनिश्चित करना आवश्यक है।

इसी दृष्टि से जनहित में वर्तमान में कार्यरत एजेंसी को केवल निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने तक की सीमित अवधि के लिए ही विस्तार दिया जा रहा है। यह विस्तार किसी दीर्घकालिक अनुबंध अथवा स्थायी व्यवस्था के रूप में नहीं है, बल्कि निविदा प्रक्रिया के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

निःशुल्क डायग्नोस्टिक जांचें आमजन के स्वास्थ्य एवं कल्याण से सीधे जुड़ी संवेदनशील एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं हैं। इनके बाधित होने से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को कठिनाई हो सकती है। अतः जनहित एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य के व्यापक हित में, नई एजेंसी के चयन तक इन सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

सरकार का उद्देश्य है कि पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से नई एजेंसी का चयन शीघ्र पूर्ण किया जाए और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क डायग्नोस्टिक सेवाएं लगातार उपलब्ध होती रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here