Friday, June 5, 2026
HomeStatesUttarakhandवन निगम की टूटी नींद, 8 माह से लटकी अनुमति एक दिन...

वन निगम की टूटी नींद, 8 माह से लटकी अनुमति एक दिन में मिली

-जिलाधिकारी सख्त हस्तक्षेप के बाद सेनानी सदन निर्माण को मिली हरी झंडी

देहरादून, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों के लिए प्रस्तावित ‘सेनानी सदन’ का निर्माण कार्य अब जल्द ही शुरू होगा। लंबे समय से वन कटान अनुमति के अभाव में अटके इस कार्य में जिलाधिकारी सविन बंसल के सख्त हस्तक्षेप के बाद तेजी आई है।
दरअसल, यह मामला पुरानी जजी (कलेक्ट्रेट) परिसर में प्रस्तावित सेनानी सदन के लिए आवश्यक पेड़ों की छपान और कटान अनुमति से जुड़ा था, जो 8 महीने से वन विकास निगम के अफसरों द्वारा लंबित रखी गई थी।
हाल ही में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने जिलाधिकारी से इस संदर्भ में शिकायत की थी। इसके बाद डीएम सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरा मामला सुना और तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
जैसे ही डीएम ने वन विकास निगम के आरएम और डीएलएम की गाड़ियों को जब्त करने के आदेश दिए, वर्षों से लंबित छपान और कटान की कार्यवाही उसी दिन पूरी कर दी गई। इससे यह स्पष्ट संदेश गया कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने एमडीडीए को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, वन विभाग को आज ही पेड़ कटान व शिफ्टिंग संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
डीएम बंसल ने कहा कि सेनानी सदन का निर्माण सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि आज़ादी के लिए बलिदान देने वालों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याण के कार्यों में अड़चन डालने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
अब यह उम्मीद की जा रही है कि पुरानी जजी परिसर में सेनानी सदन का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा, जिससे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानजनक सुविधाएं मिल सकेंगी।

“स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके उत्तराधिकारियों का परम सम्मान हमारा दायित्व है।”
–डीएम सविन बंसल

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments