मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच भी है – मंत्री भरत सिंह चौधरी

0
250

रुद्रप्रयाग- तीन दिवसीय मां हरियाली महोत्सव का आज रंगारंग कार्यक्रमों एवं पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। मां हरियाली दर्शन समिति के तत्वाधान में आयोजित
मेले के समापन अवसर पर छैत्रीय विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच भी हैं।
आज मेले का समापन दिवस पर लोक गायिका हेमा नेगी करांसी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
रानीगढ़ क्षेत्र के जसोली में आयोजित तीन दिवसीय हरियाली महोत्सव के समापन दिवस पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इससे पहले उन्होंने माँ हरियाली देवी के दर्शन कर क्षेत्र वासियों के सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मेलों के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है।

लोक गायिका हेमा नेगी करांसी के जागरों पर गुंजायमान हुआ रुद्रप्रयाग, मां हरियाली मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

श्री चौधरी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में मेलों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच मिलता है। इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण एवं प्रोत्साहन मिलने के साथ ही नई प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर भी प्राप्त होता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा सकती है, ताकि पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मेले के आयोजन के लिए मेला समिति को 2 लाख की आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।
समिति के अध्यक्ष गौरव चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि समिति लगातार पारंपरिक, लोक संस्कृति व अनुष्ठानिक परंपराओं का आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। लोक गायिका हेमा नेगी ने आछरी जागर, नरसिंग जागर के साथ ही मेरी बामणी, गुडडू बाबा, ऊंचा डांडा कांठा, बैठ मेरी थार मा समेत कई गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। दर्शकों ने देर शाम तक समां बांधे रखा। अंत में सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ममता कुंवर, भुवनेश्वरी चौधरी, मंदिर के मुख्य पुजारी विनोद मैठाणी, मेलाध्यक्ष गौरव चौधरी, संयोजक हनुमंत बिष्ट, बल्लभ जसोला, मेला समिति के सदस्य, क्षेत्र के जनप्रतनिधि एवं उपस्थित रहे।