Wednesday, April 24, 2024
HomeStatesHimachal Pradeshहिमाचल : सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम सीएम के लिये तय, रविवार...

हिमाचल : सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम सीएम के लिये तय, रविवार को लेंगे शपथ

शिमला, हिमाचल में सीएम पद को लेकर जारी घमासान अब खत्म हो गया है। कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री का नाम तय कर लिया है। आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगा दी है।
हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे। वह रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ भी लेंगे। वहीं, मुकेश अग्निहोत्री को उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आज हिमाचल प्रदेश में विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लग गई। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस आलाकमान का आभार जताया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि हमें हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए मिलकर काम करना है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने कहा कि हम कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिए गए निर्णय को स्वीकार करते हैं। अपने बयान में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि डिप्टी सीएम नामित मुकेश अग्निहोत्री और मैं एक टीम के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में की थी। सुक्खू ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मेरे लिए जो किया है, उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारी सरकार लाएगी बदलाव हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। हमें प्रदेश के विकास के लिए काम करना है। रविवार सुबह 11:00 बजे हिमाचल प्रदेश में शपथ ग्रहण समारोह होगा। खबर यह भी है कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की खबर है। कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा कहा कि हम बहुत अच्छी सरकार चलाएंगे। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कल शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर काफी समय से सस्पेंस था। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समर्थक लगातार उनके पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे। दूसरी ओर सूत्रों के हवाले से जो खबर आई है उसके मुताबिक के सुखविंदर सिंह सुक्खू के पक्ष में ज्यादा विधायक खड़े थे। यही कारण है कि आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम को आगे बढ़ाया।

 

सुखवि़दंर सिंह सुक्खु का राजनैतिक सफर :

हिमाचल के नादौन के मूल निवासी, सुक्खू ने लॉ की डिग्री प्राप्त की है। जिसके बाद वो कांग्रेस की छात्र शाखा एनएसयूआई में शामिल हो गए और 1989 में इसकी राज्य इकाई के अध्यक्ष चुने गए। 1998-2008 के बीच, उन्होंने राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। सुक्खू 1992 और 2002 के बीच की अवधि में दो बार शिमला नगर निगम के पार्षद चुने गए। युवा कांग्रेस के साथ रहने के बाद, वह 2008 में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बने। सुक्खू अपने समय-प्रबंधन कौशल और लोकप्रियता के लिए जाने जाते हैं। सुक्खू को 2013 में पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने अपना पहला विधानसभा चुनाव 2003 में नादौन से लड़ा था, 2007 और 2017 में सीट जीती थी, कई अन्य नेताओं की तरह, सुक्खू ने छात्र राजनीति में अपना करियर शुरू किया और प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंचे। 58 वर्षीय नेता पिछले कुछ वर्षों में स्थानीय लोगों और पार्टी कैडर के बीच एक समर्थन आधार विकसित करने में सक्षम रहे हैं। पार्टी में उनकी स्थिति विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव अभियान समिति के प्रमुख के रूप में स्पष्ट थी। हिमाचल के परिणाम आने के बाद से ही सुक्खू लगातार विधायकों के संपर्क में बने रहे। उन्होंने 20 से 21 विधायकों के साथ बैठक भी की।
सुक्खू कांग्रेस से दशकों से जुड़े हुए हैं, लेकिन हमेशा से उनकी पहचान वीरभद्र सिंह के विरोधी गुट के नेता के तौर पर रही है। उन्होंने वीरभद्र सिंह के कई फैसलों का विरोध भी सार्वजनिक तौर पर किया था। वीरभद्र सिंह के विरोध के बावजूद न केवल उन्होंने हमीरपुर के नदौन से चुनाव लड़ा व जीता भी। इसके साथ ही वो लगातार 6 सालों तक प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी बने रहे।

जिले की पांच विधानसभा सीटों में से चार पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि हमीरपुर सीट पर एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की। यानी पूरी की पूरी सीट बीजेपी मुक्त हो गई। जीतने वाले कांग्रेस उम्मीदवारों में नादौन में सुखविंदर सिंह सुक्खू, बरसर में इंदर दत्त लखनपाल, सुजानपुर में राजिंदर राणा और भोरंज में सुरेश कुमार शामिल हैं। सुक्खू ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के विजय अग्निहोत्री को 3,363 मतों के अंतर से हराया जबकि इंदर दत्त लखनपाल ने भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा को 13,792 मतों के अंतर से हराया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments