Saturday, April 27, 2024
HomeTrending Nowरांगना तीलू रौतेली के जन्म दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रदान किये राज्य...

रांगना तीलू रौतेली के जन्म दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रदान किये राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली एवं राज्य स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार

देहरादून, शनिवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वीरांगना तीलू रौतेली के जन्म दिवस के अवसर पर प्रदेश की 21 महिलाओं व किशोरियों को राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली तथा 22 आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों को सम्मानित किया। देहरादून जनपद के पुरस्कार पाने वाले को मुख्यमंत्री ने स्वयं सम्मानित किया जबकि अन्य को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्बन्धित जनपदों में विधायक गणों एवं जिलाधिकारियों की उपस्थिति में यह पुरस्कार प्रदान किये गये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार की धनराशि 21 हजार से बढ़ाकर 31 हजार तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार की धनराशि 11 हजार से बढ़ाकर 21 हजार की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के समग्र विकास में स्त्री और पुरूष की समान भागीदारी है। समाज के महत्वपूर्ण अंग होने के नाते स्वस्थ समाज के निर्माण में भी इन की समान भूमिका है। स्त्री और पुरूष को समान रूप से आर्थिक रूप से मजबूत करना समय की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति की मजबूती के लिये महिला किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों को 05 लाख तक बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेती की बेहतरी के लिये पहले महिलाओं को 2 प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जा रहा था। इस क्षेत्र में उनके बेहतर कार्य को देखते हुए अब 3 लाख की धनराशि उन्हें बिना ब्याज के उपलब्ध करायी जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि उत्तराखण्ड देव भूमि के साथ ही वीर भूमि भी है। देश की आजादी के पहले और बाद में देश की सुरक्षा एवं अखण्डता के लिये बलिदान देने वाला छठा बलिदानी उत्तराखण्ड का है। इसी के दृष्टिगत प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड में चार धामों के अतिरिक्त पाँचवां धाम सैन्य धाम भी बताया है। उन्होंने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली जैसे बलिदानी सदैव हमारे प्रेरणाश्रोत रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका रही है। महिलाओं को घर और बाहर की दोहरी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना पड़ता है। महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन के लिये केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनायें संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मन्दिर के भूमि पूजन के अवसर पर प्रधानमंत्री का जय सिया राम कहना महिलाओं के प्रति सम्मान प्रकट करता है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य के विकास की परिकल्पना राज्य के अंदर किये जाने वाले प्रयासों से ही साकार हो सकती है। इसके लिये युवाओं को स्वरोजगार अपना कर अपने पैरों पर खड़ा होना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले प्रदेश के तकनीकि दक्षता प्राप्त युवा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे आये हैं। ये युवा उद्यमी अन्य युवाओं के लिये प्रेरणा का भी कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां की जलवायु ऑफ सीजन सब्जी, फल, फूलों के उत्पादन के लिये वरदान है। स्वरोजगार का यह महत्वपूर्ण साधन बन सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनाथ व निराश्रित बच्चों को  अनाथालयों में रखे जाने की व्यवस्था है, जहां बेटियां ज्यादा रहती हैं। 18 वर्ष के बाद इन्हें अनाथालय से छोड़ दिया जाता है। इन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिये राज्य सरकार द्वारा देश में अपनी तरह की विशेष पहल कर इनके लिये सरकारी सेवाओं में 5 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तव में जिनके लिये आरक्षण की आवश्यकता है उन्हें मिलना चाहिए। हमारी सोच में विश्वास का भाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में आत्म विश्वास पैदा करना जरूरी है। उन पर हमें भरोसा करना चाहिए। हमारी बेटियां हर क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में राज्य सरकार द्वारा संसाधनों की कमी के बावजूद सभी वर्गों का ध्यान रखा है, चाहे वह श्रमिक हो, टैक्सी ड्राइवर हो या होटल कर्मी सभी को आर्थिक मदद दी गई है। आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों को भी 2 हजार की धनराशि उपलब्ध करायी गयी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक सुश्री उन्नति बिष्ट, मास्क तैयार करने, प्रशिक्षण देने तथा खाद्यान्न वितरण में सहयोगी रही श्रीमती संगीता थपलियाल, स्वयं सहायता समूहों के गठन, टेक होम राशन वितरण, कुपोषित बच्चों को ऊर्जा पुष्टाहार तैयार करने में सहयोगी रही श्रीमती गीता मोर्य को तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति तथा विभागीय कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन, कम्युनिटी सर्विलांस आदि कार्यों के लिये आंगवाड़ी कार्यकर्तियों, श्रीमती सुधा, कुमारी सीमा तथा कु. फातिमा को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अन्य लोगों को जनपदों में यह पुरस्कार प्रदान किये गये हैं।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने वीरांगना तीलू रौतेली की वीरगाथा का परिचय देते हुए कहा कि प्रदेश के गढ़वाल क्षेत्र की तीलू रौतेली एक ऐसी वीरांगना थी जो मात्र 15 साल की उमर में ही रणभूमि में कूद गई थी। उन्होंने सात साल तक दुश्मन राजाओं को कड़ी चुनौती दी थी। मात्र 15 से 20 साल की उम्र में सात युद्ध लड़ने वाली तीलू रौतेली एक मात्र ऐसी वीरांगना है जिनकी जयंती पर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं को हर साल तीलू रौतेली के जन्म दिन के अवसर पर पुरस्कृत किया जाता है। इसमें वे महिला शामिल हैं जिन्होंने शिक्षण, समाज सेवा, साहसिक कार्य, खेल, कला, क्राफ्ट, संस्कृति, पर्यावरण एवं कृषि आदि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो। इसके साथ ही कोरोना वारियर के रूप में उल्लेखनीय कार्य करने वाली आंगवाड़ी कार्यकर्तियों को भी सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रदेश में महिलाओं के व्यापक हित में भूमि के कागजातों में पति के साथ पत्नी का नाम जुड़ने से उन्हें ऋण आदि सुविधा प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से महिलाओं को 50 लाख तक की सम्पति क्रय करने पर मात्र एक रूपये शुल्क लिये जाने की बात कही। अभी महिलाओं को 25 लाख की रजिस्ट्री पर 25 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों को रक्षाबंधन पर 1000 रू. की अतिरिक्त धनराशि प्रदान करने के लिये उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। इस अवसर पर सचिव श्रीमति सौजन्या, निदेशक डॉ. वी. षणमुगम के साथ ही अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

जनपदों में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित
सुश्री प्रीति भण्डारी, कु. शिवानी आर्या, सुश्री गुंजन बाला, सुश्री जानकी चन्द, सुश्री शशि देवली, डॉ. पुष्पांजलि अग्रवाल, श्रीमती कंचन भण्डारी, मालविका माया उपाध्याय, श्रीमती सुमन वर्मा, कु. शीतल, श्रीमती मधु खुगशाल, सुश्री कीर्ति कुमारी, सुश्री बबीता रावत, सुश्री ज्योति उप्रेति, मीनू लता गुप्ता, श्रीमती हर्षा रावत, श्रीमती सुमति थपलियाल, श्रीमती चन्द्रकला राय।

जनपदों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार से सम्मानित
श्रीमती नीता गोस्वामी, श्रीमती गीता देवी, श्रीमती पुष्पा हरड़िया, श्रीमती हेमा बोरा, श्रीमती अंजना रावत, सुश्री पूनम, सुश्री आसमा, सुश्री सुमनलता यादव, श्रीमती गंगा बिष्ट, कु. समारोज, श्रीमती निर्मला पाण्डेय, श्रीमती चन्द्रकला चन्द्र, श्रीमती अर्चना देवी, कु. रोशनी, श्रीमती सुशीला देवी, श्रीमती लक्ष्मी देवी, ललिता देवी, श्रीमती कुसुम मेहर, श्रीमती बीना चौहान।

रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) 8 अगस्त  -भ्रूण हत्या ,बाल कल्याण , सामाजिक, क्षेत्र  में उत्कृष्ट कार्य कर दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहीं रुद्रपुर राइजिंग फाउंडेशन की महिला विंग की अध्यक्ष चंद्र कला राय (मनीषा ) सहित ज्योति अरोरा व मीनू गुप्ता को इस साल का तीलू रौतेली पुरुस्कार दिया गया । शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी रंजना राजगुरु के हाथो यह सम्मान पाकर उनके चेहरे खिल उठे।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से शनिवार को वीसी व मीटिंग सभागार में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ।
जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने तीलू रौतेली पुरुस्कार से सम्मानित चन्द्रकला राय सहित तीनों महिलाओं को शाल पहना कर सम्मानित किया।इस दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र व 21-21 हजार का चेक सौपा।
जिलाधिकारी ने तीनों सम्मानित महिलाओ को बधाई दी और कहा कि यह सम्मान मिलने के बाद समाज के प्रति उनकी और जिम्मेदारी बढ़ गयी है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी जगदीश कांडपाल,सीडीओ हिमांशु खुराना,उपजिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह,रजनीश बत्रा,पिंकी तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
जानिये तीलू रौतेली के बारे में
तीलू रौतेली, गढ़वाल की ऐसी वीरांगना जो महज 15 वर्ष की उम्र में रणभूमि में कूद पड़ी थी। उनका जन्म आठ अगस्त 1661 में हुआ था। उनका बचपन बीरोंखाल के कांडा मल्ला गांव में बीता। उनके पिता भूप सिंह गढ़वाल नरेश की सेना में थे। उन्होंने कई वर्ष तक दुश्मन राजाओं को छठी का दूध याद दिलाया था। 15 से 20 वर्ष की आयु में सात युद्ध लड़ने वाली तीलू रौतेली विश्व की एक मात्र वीरांगना हैं। युद्ध में शत्रुओं को हराने के बाद वह वापस लौट रही थीं। कांडा गांव के पास हार से अपमानित रामू रजवार नाम के कन्त्यूरी सैनिक ने उन पर तलवार से हमला कर दिया था। जिसके बाद वह वीरगति को प्राप्त हुईं। उनकी याद में आज भी कांडा ग्राम व बीरोंखाल क्षेत्र के लोग कौथीग मेला आयोजित करते हैं।

रुद्रपुर से चंद्र कला को मिला सम्मान 
रुद्रपुर राइजिंग फाउण्डेशन की महिला विंग की अध्यक्ष चंद्र कला राय को तीलू रौतेला पुरुस्कार भूर्ण हत्या ,स्वछता व् पर्यावरण  तथा महिला व् बाल कल्याण क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए दिया गया है | श्रीमती राय पिछले छः बर्षो  से सामाजिक कार्यो में सक्रिय  है | इस दौरान वो शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र में स्थित दर्जनों स्कूलों  में जा -जाकर बालिकाओ और महिलाओ को भूर्ण हत्या तथा स्वछता मासिक धर्म के प्रति जागरूक कर रही है | उनके द्वारा महिलाओ व् बच्चियों को निःशुल्क सेनेटरी नेपकिन भी वितरित किया जा रहे है |इसके अलावा वो शहर को स्वच्छ व् हराभरा बनाने के अभियान में भी सक्रीय भागेदारी निभा रही है |
चन्द्रकला राय ने कहा कि इस सम्मान के बाद समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी ओर बढ़ गयी है। ओर वह ओर जोर शोर से बाल कल्याण व महिला जनजागरूकता के क्षेत्र में काम करेंगी।उन्होंने कहा कि पति अवनीश राय व परिजनों के प्रोत्साहन के कारण ही वो सामाजिक कार्य कर पाई है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments