Saturday, April 18, 2026
HomeTrending Nowदहेज की मांग : उरेडा की प्रोजेक्ट मैनेजर ने की आत्महत्या, पति...

दहेज की मांग : उरेडा की प्रोजेक्ट मैनेजर ने की आत्महत्या, पति सहित 5 पर हत्या का मुकदमा दर्ज

देहरादून, दहेज की मांग ने फिर एक महिला की जान ले ली, उरेडा की प्रोजेक्ट मैनेजर ने ससुरालियों के दहेज उत्पीड़न और पति के तलाक के दबाव से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने पति सहित पांच ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गयी तहरीर के अनुसार शकुंतला निवासी आइडीपीएल ऋषिकेश ने बताया कि उनकी छोटी बहन राजेश्वरी का विवाह सात दिसंबर 2022 को पीयूष सिंह निवासी आशीर्वाद एन्क्लेव वसंत विहार देहरादून के साथ हुआ। परिवार में उसकी सास आशा रानी, जेठ सत्यप्रिया सिंह, जेठानी अंकिता एवं जेठ का बेटा दैविक हैं। विवाह के बाद से ही वह लगातार बहन राजेश्वरी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। राजेश्वरी का पति उसे पीटता था। शादी के बाद उसके गहने, शैक्षिक अभिलेख, बच्चों को उपहार में मिले कीमती गहने आदि अपने पास रख लिए। पीयूष और उसके परिवार को कई बार समझाया, लेकिन पीयूष सिंह ने उनकी माता एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गाली गलौज की। आरोपित पीयूष बार—बार भाई सत्य प्रिया सिंह और सास आशा रानी के कहने पर तलाक देने की धमकी देता था, जिसके कारण राजेश्वरी उनकी सारी बातें मानतीं आ रही थी। पीयूष ने राजेश्वरी व उसके बच्चों को कई बार जान से मारने की धमकी दी। शकुंतला ने बताया कि छोटे भाई की शादी के समय राजेश्वरी ने पति से अपने गहने मांगे, लेकिन उसने गहने देने से मना कर दिया। पीयूष ने कहा कि तलाक देने के बाद ही वह गहने वापस देगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि राजेश्वरी जब पौड़ी में तैनात थी तो बच्चों को मायके ऋषिकेश में रखती थी। राजेश्वरी का तबादला देहरादून हुआ तो आरोपित उसे बहला फुसलाकर अपने साथ घर ले गए। पांच अप्रैल की सुबह ससुरालियों ने उन्हें फोन कर बताया कि राजेश्वरी ने पंखे से लटककर जान दे दी है। सूचना पाकर वह देहरादून पहुंचे और इसकी शिकायत वसंत विहार थाने में दी।
वसंत विहार के थानाध्यक्ष अशोक राठौर ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपित पति, सास, जेठ जेठानी व उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सीओ सिटी कर रहे हैं। पुलिस जल्द ही खुलासा करेगी ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments