Wednesday, April 22, 2026
HomeTrending Nowई-केवाईसी, एडवांस बुकिंग और 25 दिन बाद वालों को ही सिलिंडर दिए...

ई-केवाईसी, एडवांस बुकिंग और 25 दिन बाद वालों को ही सिलिंडर दिए जाएंगे : डीएसओ

नई टिहरी। जिला मुख्यालय में रसोई गैस के लिए लोगों को खूब पसीना बहाना पड़ा। लोग सुबह साढ़े सात बजे से ही छमुंड में इंडेन गैस गोदाम में पहुंचना शुरू हो गए जिससे वहां भीड़ बढ़ने से यातायात भी बाधित होने लगा। लोगों के नाराजगी जताने के बाद करीब सवा दस बजे गैस वितरण शुरू हो पाया। इस दौरान ई-केवाईसी नहीं होने और 25 दिन से पहले सिलिंडर रिफिल कराने पहुंचे लोगों को खाली लौटना पड़ा। सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं को तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बृहस्पतिवार को खाली हाथ लौटने वाले लोग शुक्रवार को सुबह साढ़े सात बजे से ही गोदाम पहुंच गए। इस दौरान वहां सिलिंडर भरा ट्रक भी पहुंच गया लेकिन वितरण शुरू नहीं होने से वहां भीड़ बढ़ने लगी। कई लोग ऐसे थे जिन्होंने एडवांस बुकिंग नहीं कराई थी जबकि कई की ई-केवाईसी भी नहीं थी। जब साढ़े नौ बजे खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी गैस गोदाम पहुंचे तो उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-केवाईसी, एडवांस बुकिंग और 25 दिन बाद वालों को ही सिलिंडर दिए जाएंगे। इस पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एडवांस बुकिंग के लिए जो नंबर दिए गए हैं, वह बंद चल रहे हैं। उसके बाद तय किया गया कि ई-केवाईसी और 25 दिन बाद वालों को ही गैस दी जाएगी। करीब सवा 10 बजे वितरण शुरू हुआ और डेढ़ बजे दोपहर गैस मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments