12 घंटे में सुलझा रायपुर क्षेत्र की वृद्ध महिला के ब्लाइंड मर्डर का मामला, आरोपी गिरफ्तार

0
180

देहरादून (दीपक पंवार), रायपुर थाना क्षेत्र में हुई 72 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी देहरादून ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और तत्काल एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की कार्रवाई कराई।
जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को दिनेश बंसल ने डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके शरीर पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान 33 वर्षीय बिनीत कुमार के रूप में हुई है।
आरोपी मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले करीब दस वर्षों से देहरादून में किराये के मकान में परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार वह रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस में एक सिक्योरिटी सर्विस कंपनी के माध्यम से रात में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित पुस्तक की दुकान में हेल्पर के तौर पर भी काम करता था और उन्हें करीब 15 वर्षों से जानता था। आरोपी के अनुसार, उसकी मजदूरी का कुछ पैसा दिनेश बंसल के पास बकाया था। कई बार मांगने के बावजूद पैसे नहीं मिलने से वह नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन आरोपी दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। उसे जानकारी थी कि मकान के पीछे की ओर एक दरवाजा अक्सर खुला रहता है।
आरोपी उसी रास्ते से घर में दाखिल हुआ, जहां रेखा बंसल अकेली थीं। बकाया मजदूरी के पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार किया, जिससे उन्हें चोटें आईं और वह बिस्तर पर गिर गईं।
पुलिस के अनुसार, महिला के चिल्लाने पर आरोपी घबरा गया और कथित तौर पर उन्हें चुप कराने के लिए कुछ समय तक उनका मुंह दबाए रखा। इसके बाद आरोपी ने महिला के हाथ से सोने का कड़ा निकाल लिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने गेस्ट हाउस पहुंचकर अपने कपड़े भी बदल लिए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान बिनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, निवासी ग्राम मंजियाली, नौगांव, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 33 वर्ष, हाल निवासी दीपक रावत निवास, माता मंदिर कॉलोनी, अजबपुर कला, देहरादून के रूप में हुई है।