देहरादून, चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आज कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड 3, कैहरीगांव में आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का भव्य संगम देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में “सामूहिक कन्या पूजन” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
नवरात्रि के तृतीय दिवस माँ चन्द्रघंटा के स्वरूप में पधारी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण प्रक्षालन कर चंदन-रोली का टीका लगाया, मौली बांधी, चुनरी ओढ़ाई तथा प्रसाद अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कैंट विधानसभा क्षेत्र में चल रहे व्यापक कन्या पूजन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत लगभग 11,000 कन्याओं के पूजन का संकल्प लिया गया है। इसके तहत प्रतिदिन विभिन्न मंडलों में करीब 1,500 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया जा रहा है तथा उन्हें प्रसाद एवं उपहार वितरित किए जा रहे हैं।
आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही ऐसे पुण्य कार्य सफल होते हैं। उन्होंने माँ भगवती से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में निवर्तमान सभासद कमल राज, मंडल महामंत्री संजय अरोड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजू बिष्ट, मंडल उपाध्यक्ष रंजीत सेमवाल, एससी मोर्चा अध्यक्ष सुरेन्द्र घेयल, मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, प्रदेश प्रकोष्ठ पदाधिकारी सूरज भाटिया, मंडल मंत्री रिया नैथानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुप्रिया डोभाल, ओबीसी मोर्चा मंत्री राजेश सैन, सोशल मीडिया संयोजक महिपाल सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Recent Comments