भारी बारिश का अलर्ट : पोखाल-कणर्वाश्रम ग्रामीण मोटर मार्ग पर यातायात बंद

0
459

कोटद्वार, मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने समस्त उप अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के आपदा कंट्रोल रूम को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है कि बारिश से जहां-जहां मोटर मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, उन्हें जेसीबी द्वारा तत्काल सुचारु करना सुनिश्चित करें। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के बाद जिलाधिकारी ने जनपद में विशेष तौर से सावधानियां बरतने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा व दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थलीय कार्यवाई करते हुए सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जाए। प्रत्येक स्तर पर तत्परता बनाये रखते हुए सावधानी सुरक्षा एवं आवागमन में नियंत्रण बरता जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग मार्गो को सुचारू करना सुनिश्चित करें, जिससे आवागमन करने वाले आम जनमानस को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आपदा संबंधी उपकरणों एवं वायरलैस सैट अलर्ट एवं क्रियाशील अवस्था में रखने को कहा। आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार बारिश से राज्यमार्ग।थलीसैंण-बूंगीधार, देघाट-मरचूला, स्व.जगमोहन सिंह नेगी के साथ ही ग्रामीण मोटर मार्ग पाणीसैण-डबराड़-बूथानगर, खाल्यूडांडा-लिस्कोट, चाई-गिवाली-रैतपुर, नौलापुर, केदारगली-बीरोंआल, कोटद्वार-रामणी, पोखाल-कणर्वाश्रम ग्रामीण मोटर मार्ग पर यातायात बंद है, जिसे सुचारू करने हेतु जेसीबी मशीन निरंतर रूप से कार्य कर रही है। वहीं, रामड़ी-पुलिंडा मार्ग को सुचारू कर दिया गया है।

 

लगातार मूसलाधार बारिश से मसूरी में जन जीवन प्रभावित

मसूरी। पर्यटन नगरी में मध्य रात्रि से लगातार मूसलाधार बारिश होने के कारण जन जीवन प्रभावित हो गया। लगातार हो रही बारिश से बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा व दोहपर बाद जब बारिश हल्की हुई तो लोगों ने चैन की सांस ली व घरों से बाहर निकल पाये।
पर्यटन नगरी में मध्यरात्रि से लगातार मूसलाधार बारिश होने के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि रविवार होने के कारण लोग घरों में ही रहे लेकिन रोज मर्रा के काम करने वालों को बारिश के कहर का सामना करना पड़ा। भारी बारिश होने के कारण तापमान में भी गिरावट आ गई व हल्की ठंड का अहसास होने लगा। बारिश के चलते मालरोड सहित अन्य बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। दोहपर बाद जब बारिश हल्की हुई तो बाजारों में रौनक बढ़ गई व पर्यटक होटलों से बाहर निकले व मसूरी के मौसम का आनंद लिया। क्यों कि बारिश के साथ घना कोहरा होने से पर्यटक आनंदित हो गये खास कर बच्चे अपने को बादलों के बीच पाकर बहुत खुश नजर आये।