हरिद्वार (कुलभूषण ):जिला बैडमिंटन एसोसिएशन हरिद्वार के तत्वावधान में भल्ला कॉलेज स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय 25वीं उत्तराखंड स्टेट मिनी सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन हो गया। अंडर-11 और अंडर-13 आयु वर्ग की इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र से ही खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे आगे चलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने कहा कि राज्य में बैडमिंटन की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। अंडर-11 और अंडर-13 जैसे आयु वर्गों में प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों को कम उम्र में ही अपनी क्षमता पहचानने और प्रतिस्पर्धात्मक खेल का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन हरिद्वार के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी विवेक मिश्रा ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को निखारना था। प्रतियोगिता में लगभग 300 खिलाड़ियों की भागीदारी उत्साहजनक रही। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता साबित करने, अनुभव हासिल करने और भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रतियोगिता ने प्रदेश में बैडमिंटन के प्रति युवा खिलाड़ियों के बढ़ते उत्साह और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की संभावनाओं को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर भूषण ननकानी, आशुतोष शर्मा,गौरव गुप्ता,गगन गुप्ता, भारत भूषण शर्मा ने खिलाड़ियों सहित विभिन्न गणमान्य जन उपस्थित रहे।




