देहरादून। नई पीढ़ी को जैन समाज के गौरवशाली इतिहास, महान सम्राटों, वीर योद्धाओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से राजधानी के बनियावाला स्थित लिटिल स्टार एकेडमी में ‘जैन सम्राट गौरव प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन किया गया। जैन मिलन सुभाष नगर एवं जैन मिलन चेतना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 50 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ऐतिहासिक गौरव के प्रति जागरूकता पैदा करना और जैन महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुँचाना था। प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जैन मिलन सुभाष नगर के अध्यक्ष वीर गोपाल सिंघल ने भारतीय जैन मिलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतिहास की सामान्य पुस्तकों में कई वास्तविक नायकों और उनके योगदान को उचित स्थान नहीं मिल पाया है। चंद्रगुप्त मौर्य, सम्राट बिंबिसार, दानवीर भामाशाह और राजा टोडरमल जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अपने अतीत के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न होती है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर संजय जैन ने कहा कि बच्चों को अपने समाज के महान व्यक्तित्वों के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभा सकें। विद्यालय की प्रधानाचार्या और निदेशक शरद गुप्ता ने इस आयोजन के लिए जैन मिलन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे छात्रों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को समझने का अनूठा अवसर मिला है।
कार्यक्रम में केंद्रीय संयोजक अतिवीर दिनेश जैन, अमित जैन, क्षेत्रीय मुख्य संयोजक वीर अजय जैन, वीरा रीना सिंघल, संध्या जैन, अंजलि जैन और रितिका जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




