हरिद्वार, (कुलभूषण):जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार द्वारा उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय दिलाने की मांग तथा प्रकरण में उठे आरोपों के बीच दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुखी नदी से भीमगोड़ा तक विशाल कैंडल मार्च निकाला।
कैण्डल मार्च को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने बेटी अंकिता के लिए न्याय की आवाज़ बुलंद करते हुए भाजपा सरकार की जवाबदेही तय करने और प्रकरण से जुड़े अनुत्तरित सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग की, साथ ही कहा कि अंकिता के परिवार की पीड़ा और उनके सवालों को अनसुना करके सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान और युवा नेता वरुण बालियान ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अंकिता के माता-पिता आज भी अपनी बेटी के लिए पूर्ण न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन भाजपा उनके सवालों का जवाब देने के बजाय उन नेताओं को सम्मानित करने में जुटी है, जिनके नाम को लेकर परिवार सवाल उठा रहा है, उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाकर भाजपा सरकार उन्हें राजनीतिक संरक्षण देने का प्रयास कर रही है साथ ही कहा कि इस नियुक्ति ने पीड़ित परिवार की पीड़ा को और बढ़ाया है तथा सरकार की संवेदनशीलता और नीयत पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पार्षद हिमांशु गुप्ता और पार्षद प्रतिनिधि ऋषभ वशिष्ठ
ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा सार्वजनिक रूप से लगाए गए घरेलू उत्पीड़न के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है रेखा आर्य ने वीडियो साझा कर अपने पति पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की गंभीरता से जांच और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने सवाल उठाया, “जब सरकार की अपनी कैबिनेट मंत्री को उत्पीड़न के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आवाज़ उठानी पड़ रही है, तब साधारण परिवार की उस महिला की स्थिति क्या होगी, जिसके पास न सत्ता तक पहुंच है और न अपनी बात सुनाने का मंच? मुख्यमंत्री बताएं कि महिलाओं की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों और वास्तविक स्थिति के बीच इतना अंतर क्यों है।
कैण्डल मार्च में पूर्व अध्यक्ष महिला कांग्रेस अंजू द्विवेदी, वरिष्ठ नेता सुभाष कपिल, महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष नितिन यादव, महानगर कांग्रेस सचिव करन सिंह राणा,ओम मलिक, सहित कांग्रेस जन उपस्थित रहे।




