Thursday, August 13, 2026
HomeStatesUttarakhand"विज्ञान वाणी 88.8 MHz" बने विज्ञान संचार का सशक्त माध्यम, सभी विभाग...

“विज्ञान वाणी 88.8 MHz” बने विज्ञान संचार का सशक्त माध्यम, सभी विभाग अपनी जनोपयोगी योजनायें साझा करें: सतपाल महाराज

देहरादून, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज जी ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), विज्ञान धाम स्थित विज्ञान वाणी 88.8 एफएम स्टूडियो का भ्रमण किया तथा विज्ञान वाणी के माध्यम से प्रदेशवासियों के लिए अपना संदेश दिया। उन्होंने विज्ञान वाणी की ‘विज्ञान सेतु’ पहल की सराहना करते हुए इसे आमजन में वैज्ञानिक सोच एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं उपयोगी पहल बताया। अवसर था रेड एफएम द्वारा यूकॉस्ट के सहयोग से आयोजित ग्रीन एनर्जी कॉन्क्लेव का ।

 

कॉन्क्लेव के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान भी आयोजित किया गया। अपने संदेश में सतपाल महाराज ने कहा कि विज्ञान वाणी 88.8 एफएम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी जानकारी को सरल, सहज एवं रोचक रूप में आमजन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं वैज्ञानिक चेतना को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। विज्ञान वाणी जैसे मंच वैज्ञानिक तथ्यों एवं प्रमाणों पर आधारित जानकारी को जन-जन तक पहुँचाकर समाज में तर्कसंगत सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विज्ञान वाणी की पहल को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने और इसे व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान संचार केवल वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सोच को समाज की जीवनशैली का हिस्सा बनाने का प्रभावी साधन है।

 

सतपाल महाराज ने विशेष रूप से सुझाव दिया कि प्रदेश के सभी विभाग अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं, नवाचारों, उपलब्धियों, जनोपयोगी गतिविधियों एवं वैज्ञानिक पहलों की जानकारी विज्ञान वाणी के साथ साझा करें, ताकि इन प्रयासों को रेडियो के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाया जा सके। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की जनहितकारी गतिविधियों एवं उपलब्धियों का व्यापक प्रसार आमजन में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सरकारी योजनाओं, नवाचारों और वैज्ञानिक पहलों से जोड़ने में भी सहायक होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा प्रबंधन, आपदा से बचाव, राहत एवं पुनर्वास से संबंधित महत्वपूर्ण एवं प्रमाणिक संदेशों को विज्ञान वाणी के माध्यम से समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुँचाया जाना चाहिए। उत्तराखंड की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के समय सही और विश्वसनीय सूचना का त्वरित प्रसार जनसुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ऊर्जा की बचत करने, पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए आवश्यक है।

उन्होंने प्रदेश के युवाओं एवं विद्यार्थियों से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे विज्ञान वाणी को सुनें, प्रश्न पूछें, नई चीजों को जानने की जिज्ञासा बनाए रखें तथा तर्क, तथ्य एवं प्रमाण पर आधारित सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच किसी भी प्रगतिशील एवं आत्मनिर्भर समाज की मजबूत आधारशिला हैं।

 

सतपाल महाराज ने यूकाॅस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत को राज्य मे विज्ञान प्रौद्योगिकी की विभिन्न नवीन योजनाओं को प्रारम्भ करने हेतु बधाई शुभकामनायें दी व साथ ही विज्ञान सेतु के प्रभारी अमित पोखरियाल व सभी स्टाफ व विज्ञान वाणी से जुड़े वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों, प्रसारकों तथा सभी सहयोगियों को इस सराहनीय प्रयास के लिए शुभकामनाएँ दीं और विज्ञान वाणी 88.8 एफएम के माध्यम से विज्ञान संचार को और अधिक व्यापक, प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विज्ञान को जन-जन तक पहुँचाना केवल वैज्ञानिक संस्थानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। विज्ञान वाणी जैसे जनसंचार माध्यम वैज्ञानिक संस्थानों, सरकारी विभागों, विशेषज्ञों और आमजन के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments