रुद्रप्रयाग – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन का कार्य जनपद रुद्रप्रयाग में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण के साथ ही दस्तावेज सत्यापन एवं सुनवाई की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार, रुद्रप्रयाग से संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) सहित संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत दस्तावेज सत्यापन, नोटिसों की तामील, प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की स्थिति, सुनवाई की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए बीएलओ के माध्यम से प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संपन्न की जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित हो और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक असुविधा न हो तथा आवश्यक होने पर संबंधित बीएलओ, राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारियों के समन्वय से घर-घर जाकर सत्यापन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी सुनवाई एवं सत्यापन से संबंधित अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव करें तथा प्रत्येक कार्रवाई का रिकॉर्ड निर्धारित प्रारूप में संधारित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि निर्वाचक नामावली त्रुटिरहित एवं अद्यतन तैयार हो सके।
बैठक में संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments