देहरादून, बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को रिंग रोड स्थित उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद कार्यालय में परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से मुलाकात कर राज्य की फिल्म नीति और शूटिंग सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उनका जागेश्वर मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान अमन वर्मा ने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में बेहतरीन प्राकृतिक लोकेशन उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग को लेकर योजना बनाएंगे। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि 26 जुलाई को शाम 7 बजे हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला (देहरादून) में उनके नाटक ‘किस्मत पैलेस’ का मंचन किया जाएगा।
फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में लागू फिल्म नीति के तहत उत्तराखंड में फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहायता दी जा रही है। राज्य में फिल्माई गई हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है, जबकि वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी प्रोत्साहन योजना में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के तहत सात दिनों के भीतर ऑनलाइन शूटिंग अनुमति दी जा रही है। राज्य में शूटिंग शुल्क माफ किया गया है तथा सुरक्षा व्यवस्था के साथ जीएमवीएन और केएमवीएन गेस्ट हाउसों में विशेष छूट भी उपलब्ध कराई जा रही है।
चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में हर वर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग होती है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद और एक प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।


Recent Comments